Pappu Yadav: आधी रात में बेऊर जेल से फिर PMCH पहुंचे पप्पू यादव, अस्पताल में नहीं मिला बेड, गैलरी में पड़े रहे सांसद, जानिए ताजा हेल्थ रिपोर्ट

Pappu Yadav: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव आधी रात को बेऊर जेल से पीएमसीएच पहुंचे। उनके समर्थकों का आरोप है कि पप्पू यादव को आधे घंटे तक बेड नहीं मिला जिसके कारण उन्हें गैलरी में ही लेटना पड़ा।

पप्पू यादव
पप्पू यादव को नहीं मिला बेड - फोटो : social media

Pappu Yadav:   बिहार की राजनीति में इन दिनों पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर सियासी भूचाल आया हुआ है। पप्पू यादव के समर्थक लगातार सरकार को घेर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज भारी आंदोलन भी होना है। इसी बीच जानकारी सामने आ रही है कि पप्पू यादव को आधी रात को बेऊर जेल से पप्पू यादव को दोबारा पीएमसीएच भर्ती कराया गया। दरअसल, शनिवार को बेऊर जेल में आवश्यक प्रक्रिया को पूरी करने के लिए पप्पू यादव को लाया गया था जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच लाया गया।  

आधी रात को अस्पताल पहुंचे लेकिन, नहीं मिला बेड 

इस दौरान अस्पताल में उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किए जाने का आरोप भी सामने आया है। पप्पू यादव के निजी सचिव ने बताया कि माननीय न्यायालय के आदेश के बाद सांसद को बेऊर जेल से पीएमसीएच लाया गया, लेकिन उन्हें वार्ड में शिफ्ट करने के बजाय करीब आधे घंटे तक कॉरिडोर में स्ट्रेचर पर ही रखा गया। उनका आरोप है कि उस समय कोई अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं आया। अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट फोन रिसीव नहीं कर रहे थे और कंट्रोल रूम से भी कोई जवाब नहीं मिल रहा था। 

कैसी है सांसद की हेल्थ रिपोर्ट 

यहां तक की कस्टडी में तैनात पुलिसकर्मी भी अस्पताल प्रशासन से बात करने की सलाह दे रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक सांसद के साथ इस तरह का व्यवहार न्यायसंगत है। वहीं, पप्पू यादव का इलाज कर रहे डॉक्टर मनीष मंडल ने बताया कि जेल से लाने के बाद मेडिकल इमरजेंसी में उनकी जांच की गई। जांच में उनका ब्लड शुगर बढ़ा हुआ पाया गया, जबकि अन्य सभी जरूरी पैरामीटर सामान्य मिले। एहतियातन उन्हें भर्ती कर लिया गया है और फिलहाल पीएमसीएच के कैदी वार्ड में रखा गया है।

वीवीआईपी ट्रीटमेंट के साथ कैदी वार्ड में सांसद  

पीएमसीएच के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ. अरविंद सिन्हा ने कहा कि सांसद को वीवीआईपी ट्रीटमेंट के तहत रखा गया है। समर्थकों की भीड़ के कारण कुछ चुनौतियां जरूर हैं, लेकिन नियम और प्रोटोकॉल के अनुसार उनका इलाज किया जा रहा है। सुबह की जांच रिपोर्ट भी सामान्य आई है और ऑर्थो व कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों से भी परामर्श लिया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

पटना से दिल्ली तक बवाल 

गौरतलब है कि शुक्रवार रात पप्पू यादव को उनके पटना स्थित आवास से 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया। स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए शनिवार देर रात उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच लाया गया। उनकी गिरफ्तारी के बाद पटना से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल तेज हो गई है।