Tej Pratap Yadav: 6 महीने की हुईं उज्जैनी, पहली तस्वीर आई सामने, महाकाल मंदिर में हुआ अन्नप्राशन, फिर तेज हुई तेज प्रताप यादव के पुरानी चर्चाओं की गूंज

Tej Pratap Yadav: अनुष्का यादव की बेटी उज्जैनी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एक बार फिर तेज प्रताप यादव का मामला चर्चा का विषय बन गया है।

Tej Pratap Yadav Ujjaini Turns Six Months First Photos Spark
तेज हुई तेज प्रताप यादव के पुरानी चर्चाओं की गूंज- फोटो : social Media

Tej Pratap Yadav: अनुष्का यादव की बेटी उज्जैनी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। छह महीने पूरे होने के अवसर पर उज्जैनी का अन्नप्राशन संस्कार उज्जैन के बाबा महाकाल मंदिर में कराया गया, जिसकी तस्वीरें उनके मामा आकाश यादव ने सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरों में अनुष्का यादव, आकाश यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी नजर आ रहे हैं। पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों के साथ-साथ पुरानी राजनीतिक और व्यक्तिगत चर्चाओं को लेकर भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

आकाश यादव ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "हमारी उज्जैनी ने अपने छह महीने पूर्ण होने के शुभ अवसर पर अपना पहला अन्न बाबा महाकाल के पवित्र प्रांगण में उनके भोग-प्रसाद को ग्रहण किया। बाबा महाकाल उज्जैनी को हमेशा खुश रखें और हर नकारात्मक शक्ति से दूर रखें। जय श्री महाकाल, ॐ। आदेश।"

 5 फरवरी 2026 को अनुष्का यादव ने बेटी को जन्म दिया था। इसके तीन दिन बाद, 8 फरवरी से सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा शुरू हो गई थी कि बच्ची के पिता तेजप्रताप यादव हैं। उस समय केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी सोशल मीडिया पर तेजप्रताप और अनुष्का को बधाई देते हुए पोस्ट किया था, जिसके बाद यह मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया।

हालांकि, बढ़ते विवाद के बीच तेज प्रताप यादव ने मीडिया के सामने आकर इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि अनुष्का यादव से उन्हें बेटी होने की खबर पूरी तरह झूठी और भ्रामक है। तेजप्रताप ने दावा किया कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर अनुष्का यादव के साथ उनकी तस्वीरें वायरल की गई थीं और इसके पीछे उन्होंने पांच लोगों को जिम्मेदार ठहराया।

तेजप्रताप यादव ने उस समय मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज, शक्ति सिंह और सुनील सिंह को जयचंद बताते हुए आरोप लगाया था कि इन्हीं लोगों ने उन्हें बदनाम करने की साजिश रची। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आकाश भाटी उर्फ आकाश गुर्जर का अनुष्का यादव के फ्लैट पर आना-जाना था और बच्ची के पिता वही हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके खिलाफ रची गई इस पूरी साजिश का उद्देश्य उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना था।

फिलहाल, उज्जैनी की पहली तस्वीर सामने आने के बाद परिवार की ओर से केवल अन्नप्राशन समारोह की जानकारी साझा की गई है। बच्ची के पितृत्व को लेकर पहले जो दावे और प्रतिदावे सार्वजनिक रूप से किए गए थे, वे राजनीतिक और कानूनी विवाद का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उन दावों की किसी न्यायिक या आधिकारिक जांच से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इस विषय पर उपलब्ध सार्वजनिक बयानों से आगे कोई निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।