Bihar News: पटना एम्स में विधायक चेतन आनंद के साथ मारपीट ! पत्नी की शिकायत पर FIR दर्ज, डॉक्टरों ने किया हड़ताल का ऐलान
Bihar News: पटना एम्स में विधायक चेतन आनंद के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। इस मामले में उनकी पत्नी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं आज डॉक्टरों ने हड़ताल का ऐलान कर दिया है।

Bihar News: पटना एम्स में गुरुवार को विधायक चेतन आनंद के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक विधायक चेतन आनंद एक मरीज से मिलने एम्स पहुंचे थे, जहां उनकी सुरक्षा गार्ड से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने शुक्रवार सुबह 9 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। जिससे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने की आशंका है।
क्या है पूरा मामला
यह विवाद बुधवार रात करीब 11 बजे उस समय हुआ जब विधायक चेतन आनंद अपनी पत्नी डॉ. आयुषी के साथ ट्रॉमा सेंटर में एक परिचित मरीज को देखने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मौजूद बॉडीगार्ड को हथियार के साथ अंदर जाने से रोका गया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अस्पताल के सुरक्षा गार्डों का आरोप है कि विधायक और उनके सुरक्षाकर्मी ने मारपीट की। वहीं विधायक के समर्थकों का दावा है कि गार्डों ने विधायक के साथ बदसलूकी की और उन्हें करीब 30 मिनट तक बंधक बनाए रखा।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR
घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। सिटी एसपी वेस्ट भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि विधायक चेतन आनंद की पत्नी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। वहीं पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
गार्ड ने विधायक और उनकी पत्नी पर लगाया आरोप
वहीं आरोपी गार्ड सोनू ने मीडिया के सामने कहा कि, मेरी कोई गलती नहीं है। विधायक जी और उनके साथ मौजूद महिला (डॉ. आयुषी) ने मेरा कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज की। वहीं चेतन आनंज की पत्नी डॉ. आयुषी सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
डॉक्टरों की हड़ताल से सेवाएं ठप
दूसरी ओर, घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने इसे डॉक्टरों की सुरक्षा पर हमला बताया है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। हड़ताल के कारण ओपीडी, इमरजेंसी और सामान्य चिकित्सा सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है। जिससे सैकड़ों मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कौन हैं चेतन आनंद
चेतन आनंद शिवहर विधानसभा से विधायक हैं। वे पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह और शिवहर की मौजूदा सांसद लवली आनंद के पुत्र हैं। 2020 में उन्होंने अपनी मां के साथ राजद (RJD) में शामिल होकर शिवहर से विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। बाद में वे राजद के बागी हो गए। उनकी माँ ने जदयू टिकट पर सांसद का चुनाव जीता।