Patna News:पटना के बेली रोड का बदलेगा नक्शा, इन सरकारी भवनों की टूटेंगी दीवारें, आयकर गोलंबर से जू तक कमर्शियल वाहनों पर लगेगी रोक
Patna News:राजधानी पटना में मेट्रो निर्माण कार्य को गति देने के लिए नेहरू पथ के चौड़ीकरण की कवायद तेज कर दी गई है। ...
Patna News:राजधानी पटना में मेट्रो निर्माण कार्य को गति देने के लिए नेहरू पथ के चौड़ीकरण की कवायद तेज कर दी गई है। ट्रैफिक दबाव और निर्माण कार्य से पैदा हो रही परेशानी को देखते हुए सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसी क्रम में बुधवार को चिड़ियाखाना के गेट नंबर-1 के पास डिवाइडर हटाए गए और कई यू-टर्न बंद कर दिए गए। अब कई सरकारी भवनों की चहारदीवारी भी तोड़ी जाएगी, जिसके लिए जमीन की मापी शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, आयकर गोलंबर से पटना जू तक व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की तैयारी है। इस हिस्से में अब केवल निजी वाहन, सरकारी वाहन और इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े वाहन ही चल सकेंगे। व्यावसायिक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया जा रहा है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखा जा सके।
मेट्रो निर्माण के कारण चिड़ियाखाना और विकास भवन के आसपास सड़क की चौड़ाई करीब 10 फीट तक कम हो गई है। इससे रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी। समस्या के समाधान के लिए डिवाइडर हटाने, यू-टर्न बंद करने और सरकारी भवनों की बाउंड्री पीछे करने का निर्णय लिया गया है।
पथ निर्माण विभाग की टीम ने पहले नेहरू पथ की मापी की थी। इसके आधार पर चिड़ियाखाना के पास डिवाइडर हटाया गया, जिससे सड़क करीब पांच फीट तक चौड़ी हो जाएगी। वहीं विकास भवन और विश्वेश्वरैया भवन के पास चहारदीवारी हटाने से सड़क की चौड़ाई में करीब सात फीट तक इजाफा होगा।
ट्रैफिक एसपी सागर कुमार के मुताबिक, नेहरू पथ चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है और इसे करीब एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों का दावा है कि 15 अगस्त तक सड़क चौड़ीकरण का काम पूरा हो सकता है। इसके बाद नगर विकास एवं आवास विभाग, पथ निर्माण विभाग और परिवहन विभाग की सहमति से नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी।
नई व्यवस्था के तहत व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर से वीरचंद पथ होते हुए हार्डिंग रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वे पीर अली पथ के रास्ते एयरपोर्ट-शेखपुरा रोड या जगदेव पथ की ओर जा सकेंगे। इस मार्ग पर ऑटो, ई-रिक्शा और सिटी बसों के परिचालन की अनुमति रहेगी।
वहीं सगुना मोड़ से डाकबंगला की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहन जगदेव पथ या शेखपुरा मोड़ के रास्ते एयरपोर्ट रोड की ओर भेजे जाएंगे। मेट्रो निर्माण के बीच पटना की यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए यह बड़ा बदलाव किया जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में राजधानी की सड़कों पर नया ट्रैफिक ढांचा देखने को मिलेगा।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार