Bikram News: स्कूल में 'हाई वोल्टेज' का कहर पंखे, TV और वाटर प्यूरिफायर जले, हादसे के डर से बिजली विभाग को पत्र

पटना के बिक्रम में स्कूल पर 'हाई वोल्टेज' की मार,पार्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय में लगातार 2 हफ्तों से आ रहे हाई वोल्टेज के कारण समरसेबल मोटर, स्मार्ट TV,RO और 37पंखे जलकर खाक हो गए।पेयजल ठप होने से छात्र परेशान हैं,वहीं बड़े हादसे का डर बना हुआ है

bikram parvati high school high voltage equipment damaged sb
पटना के बिक्रम में स्कूल पर 'हाई वोल्टेज' की मार- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम स्थित पार्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय में पिछले दो सप्ताह से लगातार आ रहे हाई वोल्टेज के कारण विद्यालय को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इस गंभीर समस्या से परेशान होकर विद्यालय के प्राचार्य ने शुक्रवार को साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के सहायक विद्युत अभियंता (बिक्रम) को औपचारिक पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से प्राचार्य ने तकनीकी खराबी को तुरंत दूर करने और विद्यालय को सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है।


उपकरण जलने से पेयजल व्यवस्था ठप, छात्र परेशान

प्राचार्य द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार, विद्यालय संचालन के दौरान अचानक उच्च विद्युत प्रवाह (हाई वोल्टेज) की घटनाएं बीते दो हफ्तों में तीन बार घटी हैं। इसके चलते विद्यालय के कई महत्वपूर्ण उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। क्षतिग्रस्त सामानों में समरसेबल मोटर पंप, आरओ वाटर प्यूरिफायर, वाटर कूलर, स्मार्ट टीवी, करीब 37 पंखे और 10 ट्यूब लाइट शामिल हैं। इन उपकरणों के खराब होने से विद्यालय में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे भीषण गर्मी में छात्रों और शिक्षकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।


छात्रों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा, बड़े हादसे की आशंका

विद्यालय प्रशासन ने पत्र में इस बात पर गहरी चिंता जताई है कि यदि हाई वोल्टेज की समस्या का समय रहते स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो विद्यालय में पढ़ रहे सैकड़ों छात्र-छात्राओं की जान-माल को खतरा पैदा हो सकता है। किसी भी वक्त अचानक बढ़ने वाला अत्यधिक विद्युत प्रवाह किसी बड़े हादसे या अगलगी का कारण बन सकता है। ऐसे में जन-धन की बड़ी हानि होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।


शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिलिपि प्रेषित, त्वरित कार्रवाई की उम्मीद

प्राचार्य ने बिजली विभाग से मांग की है कि संबंधित तकनीकी गड़बड़ी की तत्काल जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि शैक्षणिक कार्य निर्बाध रूप से चल सके। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस पत्र की प्रतिलिपि बिक्रम के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEA) और पटना के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। विद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि बिजली विभाग इस पर शीघ्र संज्ञान लेकर त्वरित कदम उठाएगा।

विक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट