पटना: प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ऑफ बिहार का सम्मान समारोह आयोजित, प्रतिभा खोज परीक्षा का हुआ ऐलान

बिक्रम स्थित देव इंटरनेशनल स्कूल में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ऑफ बिहार की बैठक सह सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें निजी स्कूलों के अधिकारों, शिक्षा गुणवत्ता और प्रतिभा खोज परीक्षा की योजनाओं पर मंथन हुआ।

meeting Private School Association of Bihar
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ऑफ बिहार का सम्मान समारोह आयोजित- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम प्रखंड स्थित नगहर के देव इंटरनेशनल स्कूल परिसर में रविवार को 'प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ऑफ बिहार' द्वारा अध्यक्ष अवनीश कुमार की अध्यक्षता में बैठक सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निजी विद्यालयों के अधिकारों की सुरक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और प्रशासनिक मुद्दों पर सभी संचालकों व प्राचार्यों को एक मंच पर लाकर एकजुट रणनीति तैयार करना रहा।


निजी विद्यालयों की एकजुटता और नीतिगत जानकारियों के प्रसार पर बल

बैठक में संगठन के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाले निजी स्कूलों के हितों की रक्षा के लिए एकजुटता जरूरी है। इसके साथ ही, सरकारी दिशा-निर्देशों, नीतिगत बदलावों और शिक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाओं को सभी विद्यालयों तक समय पर पहुंचाने की व्यवस्था पर सहमति बनी, ताकि सभी संस्थान नवीनतम निर्देशों से अपडेट रह सकें।


विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु खेल व प्रतिभा खोज परीक्षा की योजना

समारोह के दौरान छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया। संगठन ने बच्चों की बौद्धिक, मानसिक और रचनात्मक क्षमता को निखारने के लिए भविष्य में खेल प्रतियोगिताओं और 'प्रतिभा खोज परीक्षा' आयोजित करने की योजना साझा की। इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर और मंच प्रदान किए जाएंगे।


कई प्रखंडों के निदेशकों की सहभागिता और धन्यवाद ज्ञापन के साथ समापन

इस अवसर पर बिक्रम, बिहटा, पालीगंज, दुल्हिन बाजार, नौबतपुर, मनेर और परेव क्षेत्र के अनेक निजी स्कूलों के प्राचार्यों व निदेशकों ने भाग लेकर आपसी सहयोग का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के सचिव सीपू कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि संगठन निजी स्कूलों के हितों और शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट