Bihar Crime : रास्ते में पेशाब करने से रोकना डिहरी EO को पडा महंगा, ड्राईवर ने लोहे के रॉड से उतारा मौत के घाट, आईजी विकास वैभव ने सुलझाई गुत्थी

Bihar Crime : मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार हत्याकांड मामले में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है.....कहा की

Bihar Crime : रास्ते में पेशाब करने से रोकना डिहरी EO को पडा
हत्याकांड का खुलासा - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार हत्याकांड मामले में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज खुलासा किया है। मगध जोन के आईजी विकास वैभव ने बताया कि जिसे शुरुआत में अज्ञात अपराधियों द्वारा रची गई साजिश या लूटपाट की घटना समझा जा रहा था, वह दरअसल कोई बाहरी हमला नहीं बल्कि अंदरूनी रंजिश का नतीजा था।

पुलिसिया जांच और आईजी के कड़े रुख के बाद स्पष्ट हुआ कि EO विमल कुमार की हत्या किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि उनकी अपनी गाड़ी के निजी ड्राइवर ने ही अंजाम दी थी। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ड्राइवर का अपने अफसर विमल कुमार से पूर्व में भी कई बातों को लेकर अक्सर विवाद हुआ करता था, जिससे उसके मन में भीतर ही भीतर भारी नाराजगी और आक्रोश पनप रहा था।

घटना वाली रात भी गाड़ी रोकने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। रास्ते में ड्राइवर ने पेशाब करने की इच्छा जताई, जिस पर EO ने सुरक्षा या समय का हवाला देते हुए थोड़ा और आगे चलकर रुकने को कहा। हालांकि, इस मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि आपा खो चुके ड्राइवर ने गाड़ी में रखी लोहे की रॉड से अपने ही अधिकारी पर जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर ड्राइवर ने पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए लूटपाट और अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किए जाने की पूरी झूठी कहानी गढ़ दी। हालांकि, मामले की कमान संभालते हुए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने जब घटनास्थल पर पहुंचकर 'सीन री-क्रिएशन' कराया, तो ड्राइवर के बयानों की पोल खुल गई और उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे की रॉड बरामद कर लिया हैं। इस बड़े खुलासे के बाद जहां मामले की गुत्थी पूरी तरह सुलझ गई है, वहीं अपने ही कर्मचारी द्वारा इस तरह की निर्मम वारदात को अंजाम दिए जाने से प्रशासनिक हलकों में भारी अचरज और सनसनी का माहौल है।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट