BJP State Council Meeting:हरियाणा,महाराष्ट्र और दिल्ली जीतने के बाद भाजपा बिहार में एक्टिव हो गयी है। यहां बीजेपी विधानसभा चुनाव के मिशन जुट गयी है। इसी क्रम में बिहार चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को मजबूत करने के लिए आज पटना में प्रदेश परिषद की बैठक आयोजित की है।इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को अंतिम रूप देना और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना है। यह बैठक पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने, उनकी भूमिका स्पष्ट करने और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा करने के लिए आयोजित की गई है।
पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं का एक बड़ा समूह पटना में एकत्रित होगा। पटना के बापू सभागार में प्रदेश परिषद की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है। इसके साथ ही, प्रदेश अध्यक्ष पद पर दिलीप जायसवाल की औपचारिक नियुक्ति भी की जाएगी।प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दिलीप जायसवाल का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया प्रदेश परिषद की बैठक में संपन्न होगी। लगभग 325 प्रतिनिधि बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से राज्य परिषद की बैठक में भाग लेंगे और सर्वसम्मति से दिलीप जायसवाल को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुनने का कार्य करेंगे। जायसवाल ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया है। बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी पर्यवेक्षक के रूप में शामिल होंगे। सभी मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, बिहार सरकार के मंत्री, केंद्रीय मंत्री और कार्य समिति के सदस्य चुनावी प्रक्रिया में भाग लेंगे और प्रदेश अध्यक्ष के लिए मतदान करेंगे। यदि कोई अन्य नेता नामांकन नहीं करता है, तो मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और यह माना जाएगा कि दिलीप जायसवाल को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चुन लिया गया है।
मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद प्रदेश परिषद की यह बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक में मंडल स्तर से लेकर केंद्रीय मंत्री तक शामिल होंगे, और प्रदेश पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में 300 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।आगामी विधानसभा चुनावों में सीट बंटवारे, गठबंधन सहयोगियों के साथ तालमेल और प्रचार अभियान की योजना पर चर्चा होगी।राज्य में पार्टी की स्थिति का आकलन और कमजोर क्षेत्रों में सुधार के उपायों पर भी मंथन होगा।