रील्स देखने के दौरान आया कॉल और उड़ गए ₹16 लाख! पटना में अरेस्ट के खौफ का शिकार हुआ मासूम
पटना के फुलवारीशरीफ से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है।मोबाइल पर रील्स देखने के दौरान एक नाबालिग बच्चे को साइबर ठगों ने अपने जाल में फंसाया।पुलिस और जेल भेजने का डर दिखाकर बच्चे को बुरी तरह ब्लैकमेल किया गया।
पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में साइबर अपराधियों ने एक नाबालिग बच्चे को पुलिस कार्रवाई और जेल भेजने का झूठा खौफ दिखाकर उसकी मां के बैंक खाते से 16.13 लाख रुपये उड़ा लिए। ठगों ने इस पूरी वारदात को इतनी चालाकी से अंजाम दिया कि कई दिनों तक परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। दरअसल, महिला का नाबालिग बेटा मोबाइल पर रील्स देखने और अन्य काम के लिए फोन का इस्तेमाल करता था, इसी दौरान उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले शातिर अपराधी ने पहले बच्चे का नाम और उम्र जैसी निजी जानकारियां हासिल कीं और फिर उसे कानून का डर दिखाकर जाल में फंसा लिया।
इमेज खराब करने की धमकी और किस्तों में वसूली का खेल
साइबर ठग ने नाबालिग को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए कहा कि उसने एक बेहद गंभीर अपराध किया है, जिसके लिए उसे सीधे जेल जाना पड़ेगा। अपराधी ने बच्चे को धमकी दी कि यदि उसने यह बात घर में किसी से भी साझा की, तो उसकी सामाजिक छवि पूरी तरह बर्बाद कर दी जाएगी। डरे-सहमे बच्चे को मामला रफा-दफा करने का झांसा देकर ठग ने पहली बार में 2,500 रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद, बच्चे के मन में बैठे डर का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उसे और ज्यादा डराया कि उसे बड़े केस में फंसाने की साजिश हो रही है, जिससे बचने के लिए और पैसों की जरूरत पड़ेगी।
मां से छिपाकर अलग-अलग नंबरों से दी जाती रही धमकी
जब डरे हुए नाबालिग ने ठग का एक नंबर ब्लॉक किया, तो शातिर अपराधी अलग-अलग नए नंबरों से कॉल करने लगा। ठगी के इस तरीके में सावधानी बरतते हुए आरोपी तब फोन काट देता था जब बच्चे की मां कॉल रिसीव करती थी, लेकिन जैसे ही नाबालिग फोन उठाता, वह उसे दोबारा धमकाना शुरू कर देता। लगातार मिल रही धमकियों और पैसों की अंतहीन मांग से तंग आकर आखिरकार मासूम बच्चा डिप्रेशन में आ गया और उसने रोते हुए अपनी मां को इस पूरी खौफनाक आपबीती की जानकारी दी।
बैंक स्टेटमेंट देखकर उड़े होश, साइबर थाने में मामला दर्ज
बच्चे की बात सुनकर हैरान मां ने जब तुरंत बैंक जाकर अपने खाते का पूरा स्टेटमेंट निकलवाया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। विभिन्न किस्तों में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 16.13 लाख रुपये ट्रांसफर किए जा चुके थे। इतनी बड़ी रकम की ठगी का खुलासा होने के बाद पीड़िता ने तुरंत पटना साइबर थाने में मामले की लिखित शिकायत की, जहां पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस की विशेष विंग इस मामले की जांच में जुट गई है और जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनके तकनीकी साक्ष्य जुटाकर साइबर अपराधियों को ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्ट - रंजीत कुमार