WhatsApp पर महिला के मैसेज से शुरू हुआ खेल, पटना के युवक से IPO के नाम पर ठगे 4.45 लाख रुपये

पटना के धनरूआ निवासी सुधाकर कुमार से साइबर ठगों ने IPO में निवेश और भारी रिटर्न का लालच देकर 4.45 लाख रुपये ठग लिए। व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी ऐप के जरिए अंजाम दी गई इस धोखाधड़ी के खिलाफ साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

Patna cyber fraud ipo investment scam
IPO में निवेश का लालच देकर साइबर ठगी- फोटो : news 4 nation AI

राजधानी पटना के धनरूआ स्थित नौडीहा गांव निवासी सुधाकर कुमार साइबर ठगों के नए पैंतरे का शिकार हो गए। आईपीओ (IPO) में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर अपराधियों ने उनसे 4.45 लाख रुपये ठग लिए। व्हाट्सएप ग्रुप से शुरू हुआ यह खेल एक फर्जी ऐप के जरिए अंजाम दिया गया, जिसमें पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में अपनी मेहनत की कमाई गंवा दी।


अनजान महिला का व्हाट्सएप मैसेज और फर्जी ग्रुप का जाल 

ठगी की शुरुआत सुधाकर कुमार के व्हाट्सएप पर 'रिया अयर' नाम की महिला के मैसेज से हुई। बातचीत के जरिए भरोसा जीतने के बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। पीड़ित को बताया गया कि इस ग्रुप का संचालन एंड्रयू वेल और उसकी असिस्टेंट रिया अयर कर रहे हैं। ग्रुप में निवेश पर भारी रिटर्न के लुभावने ऑफर दिए जाते थे, जिससे सुधाकर ठगों के झांसे में आ गए।


फर्जी ऐप डाउनलोड कराकर किस्तों में ऐंठे रुपये

ठगों ने सुधाकर को एक लिंक भेजकर 'फिडेलिटी डिमेट अकाउंट' (Fidelity Demat Account) नाम का ऐप मोबाइल में डाउनलोड करवाया। शुरुआत में 10 हजार रुपये जमा कराने के बाद IPO में बड़ा मुनाफा दिलाने का दावा करते हुए उनसे कई बार में कुल 4.45 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने चाहे, तो ठगों ने निकासी के बदले और रकम जमा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।


NCRB पोर्टल पर शिकायत दर्ज, साइबर पुलिस जांच में जुटी 

धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल NCRB पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के साथ साइबर थाने में लिखित आवेदन दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए व्हाट्सएप नंबरों, ऐप के लिंक और बैंक खातों के लेनदेन के विवरण को खंगाल रही है।