नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर पटना डीएम ने दिए सुरक्षा के दिए सख्त निर्देश, जितिया पर्व श्रद्धालुओँ से की यह खास अपील

जितिया पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटना के डीएम कुंदन कुमार ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित और सुरक्षित घाटों का उपयोग करने की अपील की है....

नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर पटना डीएम ने दिए सुरक्षा के द
जितिया पर्व पर घाटों पर विशेष सुरक्षा का डीएम ने दिए निर्देश- फोटो : अनिल कुमार

Patna : आगामी जितिया पर्व (02 से 04 अक्टूबर) के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए सभी संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी से काम करने की ताकीद की है।


संवेदनशील घाटों पर होगी दंडाधिकारियों व पुलिस बल की तैनाती, लाल झंडों से होगी बैरिकेडिंग 

जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के नदी घाटों पर सुरक्षा प्रबंधों का निरंतर अनुश्रवण करने का आदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रमुख और संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट), पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाए। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कर स्पष्ट रूप से लाल झंडे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।


लाउडस्पीकर से दी जाएगी लगातार चेतावनी, बच्चों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी का आदेश 

घाटों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के माध्यम से लगातार सुरक्षा संबंधी सावधानियों और निर्देशों का प्रसारण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा पर अतिरिक्त चौकसी बरतने को कहा है ताकि स्नान के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे। श्रद्धालुओं को केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों में ही स्नान और पूजा-अर्चना करने के लिए जागरूक किया जाएगा।


SDRF की टीमें और गोताखोर रहेंगे तैनात, अस्पताल 24 घंटे अलर्ट मोड पर 

किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों और स्थानीय प्रशिक्षित गोताखोरों को तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा, जीवनरक्षक दवाओं और एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीमों को भी घाटों पर मुस्तैद रखा जाएगा। पटना जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और अनुमंडलीय अस्पतालों को पर्व के दौरान 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने का कड़ा निर्देश दिया गया है।


डीएम कुंदन कुमार ने श्रद्धालुओं से की अपील, निर्धारित सुरक्षित घाटों का ही करें उपयोग 

जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर 24 घंटे निगरानी रखने का निर्देश देने के साथ ही आम श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदियों में पानी का दबाव अधिक होने के कारण माताएं-बहनें पूरी सतर्कता बरतें, गहरे पानी में जाने का जोखिम न उठाएं और बच्चों पर विशेष नजर रखें। प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए ही पर्व की परंपराओं और पूजा-अर्चना को संपन्न करें।

अनिल की रिपोर्ट