तेज रफ्तार बस ने युवक को रौंदा : मौके पर ही दर्दनाक मौत, परिवार मे मचा कोहराम
नवादा जिले मे रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली। खेत की निगरानी कर घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार बस ने रौंद डाला। इस घटना युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार मे कोहराम मच हुआ है.....
Nawada : जिले के रूपौ थाना क्षेत्र अंतर्गत सादीपुर गांव के समीप एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित एवं तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खेत की निगरानी कर घर लौट रहा था युवक, पीछे से अनियंत्रित बस ने मारी टक्कर
मृतक युवक की पहचान सादीपुर गांव निवासी मुद्रिका यादव के 21 वर्षीय पुत्र सकलू कुमार के रूप में की गई है। स्वजनों के अनुसार, सकलू कुमार अपने खेतों की स्थिति देखने के लिए घर से निकला था। खेत देखने के बाद जब वह पैदल ही वापस अपने घर लौट रहा था, तभी सादीपुर गांव के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सकलू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
घटनास्थल पर उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, सूचना मिलते ही पहुंची रूपौ थाना पुलिस
दुर्घटना के बाद आसपास के खेतों व सड़कों पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत रूपौ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रूपौ थाना प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल बस को जब्त कर लिया और उसे कब्जे में लेकर थाने ले आई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा सदर अस्पताल, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए मृतक के शव को अपने कब्जे में लिया और अंतपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा बस चालक और वाहन के कागजातों के संबंध में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
परिवार का बड़ा बेटा था सकलू, अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया जा रहा है कि मृतक सकलू कुमार अपने परिवार का सबसे बड़ा पुत्र था और घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसकी इस प्रकार अचानक हुई दर्दनाक मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा माता-पिता और परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया है। स्थानीय ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं, वहीं पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में लगी हुई है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट