Patna Police: पटना में DySP की गाड़ी रॉन्ग साइड से मारा धक्का, अफसर उतरे और… मौके से फरार, सड़क पर भड़का बवाल
Patna Police: राजधानी पटना में कानून के रखवालों पर ही कानून तोड़ने का इल्ज़ाम लग गया।
Patna Police: राजधानी पटना में कानून के रखवालों पर ही कानून तोड़ने का इल्ज़ाम लग गया। शहर की व्यस्त सड़क पर उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक डीएसपी की गाड़ी कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आती हुई दूसरे वाहन से टकरा गई। बेली रोड के हड़ताली मोड़ के पास हुए टक्कर के बाद हालात ऐसे बिगड़े कि मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर बवाल काटा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डीएसपी की सरकारी गाड़ी तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रही थी। पटना के बेली रोड पर अचानक सामने से आ रहे वाहन को जोरदार धक्का लग गया। टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और सवाल उठाने लगे कि आखिर जब आम जनता को ट्रैफिक नियमों का पालन सख्ती से कराया जाता है, तो अफसर खुद नियमों की धज्जियां क्यों उड़ाते हैं?
बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद डीएसपी गाड़ी से उतरे, लेकिन हालात बिगड़ते देख वहां से निकल गए। उनके इस रवैये ने आग में घी डालने का काम किया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया और जवाबदेही की मांग करने लगे। कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की। भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ ।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है क्या वर्दी और पद का रौब ट्रैफिक नियमों से ऊपर है? क्या संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई होगी? फिलहाल शहर में इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट- कुलदीप भारद्वाज