Patna High Court:पटना हाई कोर्ट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,कई जिलों के जिला जज बदले; रूपेश देव बने नए महानिबंधक
पटना हाई कोर्ट प्रशासन ने बड़े पैमाने पर तबादले करते हुए रूपेश देव को नया महानिबंधक(Registrar General)नियुक्त किया है। वहीं अनामिका टी पटना सिविल कोर्ट की नई जिला जज होंगी।पश्चिमी चंपारण, छपरा, सुपौल और वैशाली में भी नए जिला जजों की तैनाती की गई है।
पटना उच्च न्यायालय प्रशासन ने राज्य की न्यायपालिका में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। हाई कोर्ट के मौजूदा महानिबंधक (Registrar General) शिव गोपाल मिश्रा का स्थानांतरण करते हुए उन्हें पश्चिमी चंपारण (बेतिया) का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। उनकी जगह पटना सिविल कोर्ट के जिला जज रूपेश देव को पटना हाई कोर्ट का नया महानिबंधक नियुक्त किया गया है।
पटना और छपरा सिविल कोर्ट में नए जिला जजों की तैनाती
इस फेरबदल के तहत पश्चिमी चंपारण की जिला जज अनामिका टी का स्थानांतरण कर उन्हें पटना सिविल कोर्ट का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं, सुपौल के जिला जज अनंत सिंह को स्थानांतरित करते हुए छपरा (सारण) सिविल कोर्ट के जिला जज पद की कमान सौंपी गई है।
हाई कोर्ट रजिस्ट्री में नए रजिस्ट्रारों की नियुक्ति
उच्च न्यायालय में प्रशासनिक कामकाज को सुचारू बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण रजिस्ट्रार पदों पर बदलाव किए गए हैं। हाजीपुर सिविल कोर्ट के जिला जज हर्षित सिंह को हाई कोर्ट में रजिस्ट्रार (निगरानी) बनाया गया है, जबकि इस पद पर कार्यरत डॉ. राकेश कुमार सिंह (1) को सुपौल का जिला जज नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, छपरा के जिला जज पुनीत कुमार गर्ग को हाई कोर्ट का नया रजिस्ट्रार (IT) और शिवहर के जिला जज दीपक कुमार को हाई कोर्ट में रजिस्ट्रार (नियुक्ति) का दायित्व सौंपा गया है।
वैशाली और शिवहर को भी मिले नए जिला न्यायाधीश
तबादला सूची के अनुसार, हाई कोर्ट के पूर्व रजिस्ट्रार (IT) आनंद नंदन सिंह को वैशाली (हाजीपुर) सिविल कोर्ट का जिला जज बनाया गया है। वहीं, हाई कोर्ट के एडिटर संजय अग्रवाल को प्रोन्नत/स्थानांतरित करते हुए शिवहर का नया जिला जज नियुक्त किया गया है। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना पटना हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार (स्थापना) की ओर से जारी कर दी गई है।