पटना में पुलिस की मानवता: IGIMS TOP प्रभारी की तत्परता और युवक की ईमानदारी से महिला को मिले 8600 रुपये

सहरसा जिले के बख्तियारपुर की रहने वाली पूजा कुमारी अपने बच्चे के इलाज के लिए पटना स्थित आईजीआईएमएस (IGIMS) अस्पताल आई थीं। अस्पताल परिसर में आवाजाही के दौरान अनजाने में उनकी कमर में रखे 8600 रुपये कहीं गिर गए।IGIMS TOP प्रभारी की तत्परता मिले रूपये

patna-igims-top-incharge-kapleshwar-paswan-returning-lost-mo
पटना में पुलिस की मानवता बच्चे का इलाज कराने आई महिला को मिला खोया रुपया - फोटो : Reporter

सहरसा जिले के बख्तियारपुर की रहने वाली पूजा कुमारी अपने बच्चे के इलाज के लिए पटना स्थित आईजीआईएमएस (IGIMS) अस्पताल आई थीं। अस्पताल परिसर में आवाजाही के दौरान अनजाने में उनकी कमर में रखे 8600 रुपये कहीं गिर गए। बच्चे के इलाज के लिए लाई गई इस राशि के खो जाने से महिला बेहद परेशान हो गई और रोने-बिलखने लगी।


पीड़ित महिला ने आईजीआईएमएस TOP से मांगी मदद

रुपये खो जाने के बाद बेबस महिला ने तुरंत शास्त्रीनगर थानांतर्गत आईजीआईएमएस टीओपी (TOP) पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामले की संवेदनशीलता और महिला की मजबूरी को देखते हुए टीओपी प्रभारी कपलेश्वर पासवान ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। उन्होंने बिना समय गंवाए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV) की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।


सीसीटीवी फुटेज से हुई रुपये उठाने वाले युवक की पहचान

सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच करने पर पुलिस को स्पष्ट दिखा कि गिरे हुए रुपये राजाबाजार की ब्रह्मस्थानी गली निवासी रोहित कुमार (पिता रंजीत कुमार महतो) को मिले थे। पहचान स्थापित होते ही थानाध्यक्ष कपलेश्वर पासवान ने स्थानीय सूत्रों की मदद से रोहित से संपर्क साधा और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।


युवक की ईमानदारी और पुलिस की मौजूदगी में वापस मिले पैसे

पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर युवक रोहित कुमार ने भी मिसाल पेश करते हुए तुरंत ईमानदारी दिखाई और पैसे लौटाने पर सहमति जताई। इसके बाद मंगलवार को आईजीआईएमएस टीओपी परिसर में थानाध्यक्ष कपलेश्वर पासवान की मौजूदगी में रोहित ने पूरे 8600 रुपये पूजा कुमारी को सौंप दिए। अपनी खोई हुई रकम वापस पाकर महिला की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और उसने टीओपी पुलिस व युवक दोनों का सहृदय आभार व्यक्त किया।


पुलिस का उद्देश्य जनता का विश्वास जीतना

इस मौके पर TOP इंचार्ज कपलेश्वर पासवान ने युवक की ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का कर्तव्य सिर्फ अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों का विश्वास जीतना और उनकी मदद करना भी है। उन्होंने कहा कि रोहित जैसे ईमानदार युवक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और ऐसे प्रयासों से पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास का रिश्ता और मजबूत होता है।