Bihar MLC Election: पटना स्नातक सीट पर सियासी घमासान, अनंत सिंह के समर्थन पर नीरज कुमार का तंज, वोटिंग की तारीख पर अनुज कुमार सिंह पर ली ये चुटकी
Bihar MLC Election: नीरज कुमार ने जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह पर चुटकी लेते हुए चुनाव की तारीख को लेकर सवाल उठाया।
Bihar MLC Election:बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सूबे की सियासत में हलचल तेज हो गई है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर मुकाबला अब महज उम्मीदवारों के बीच नहीं, बल्कि बयानों और सियासी दांव-पेच के बीच भी दिलचस्प होता जा रहा है। जदयू के उम्मीदवार और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार के खिलाफ मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह के खुलकर सामने आने के बाद सियासी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी डॉ.अनुज कुमार सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। इस घटनाक्रम ने जदयू के भीतर और एनडीए के सियासी समीकरणों को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है।
वोटिंग की तारीख पर नीरज कुमार का तंज
नीरज कुमार ने जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह पर चुटकी लेते हुए चुनाव की तारीख को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने मीडिया के सामने अपील का जिक्र करते हुए कहा कि प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार सिंह 23 नवंबर को वोट मांगने की बात कर रहे हैं, जबकि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान 23 अक्टूबर को होना है। नीरज कुमार के इस बयान के बाद चुनावी माहौल में जुबानी जंग और तेज हो गई है।
नीरज कुमार ने अपने अंदाज में कहा, “जय निशांत, तय निशांत।” उन्होंने दावा किया कि जनता नारे के जरिए अपना संदेश दे चुकी है और जीत तय है। हालांकि, यह उनका चुनावी दावा है; मतदान के नतीजे आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।
अगवानपुर में निशांत कुमार की जनसभा
इस सियासी सरगर्मी के बीच 15 अक्टूबर को बाढ़ अनुमंडल के अगवानपुर में निशांत कुमार की जनसभा आयोजित है। इस कार्यक्रम को लेकर जदयू खेमे में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने गईं हैं। जनसभा के जरिए पार्टी समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच क्या संदेश दिया जाता है, इस पर भी नजर रहेगी।
अनंत सिंह का समर्थन बना चर्चा का विषय
बता दें कि पटना स्नातक सीट से जदयू ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जन सुराज ने डॉ. अनुज कुमार सिंह को मैदान में उतारा है। डॉ. अनुज को अनंत सिंह का समर्थन मिल रहा है और विधायक सार्वजनिक तौर पर उनके पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।
एक ही सीट पर जदयू उम्मीदवार और उसी पार्टी के विधायक के अलग-अलग राजनीतिक रुख ने चुनावी चर्चा को नया मोड़ दे दिया है। पटना स्नातक सीट का यह मुकाबला आने वाले दिनों में और कितना सियासी रंग लेता है, यह देखना अहम होगा।
रिपोर्ट- रविशंकर