Patna Protest: पटना में SIR के खिलाफ छात्र-युवाओं का हल्लाबोल, डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग, भारी पुलिस बल तैनात, इस रास्ते से जाना मना है...

Patna Protest: बिहार की राजधानी पटना में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर छात्र-युवा संगठनों के प्रदर्शन के ऐलान से सियासी पारा चढ़ गया है। ..

Patna Protest
पटना में SIR के खिलाफ छात्र-युवाओं का हल्लाबोल- फोटो : reporter

Patna Protest: बिहार की राजधानी पटना में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण  को लेकर छात्र-युवा संगठनों के प्रदर्शन के ऐलान से सियासी पारा चढ़ गया है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन  के नेतृत्व में छात्र-युवा संगठनों ने लोक भवन मार्च निकालने की तैयारी की है। प्रदर्शन को देखते हुए डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।वहीं डाकबंगला से गांधी मैदान जाने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलने पड़ सकती है। इसके लिए लोगों को वैकल्पिक रास्ते से जाना सुरक्षित हो सकता है अन्यथा जाम का सामना करना पड़ सकता है।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में मतदाता सूची से कथित तौर पर बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने का विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग शामिल है। संगठनों का कहना है कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

गांधी मैदान से लोक भवन तक मार्च की तैयारी

घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, छात्र-युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं को सुबह 11 बजे गांधी मैदान के गेट नंबर-10 के पास जुटना था। यहां से लोक भवन की ओर मार्च निकालने की योजना बनाई गई है। प्रदर्शन के ऐलान के बाद राजधानी के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।

प्रशासन अलर्ट, निर्धारित स्थल पर प्रदर्शन की अपील

प्रस्तावित मार्च को देखते हुए पटना के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने प्रदर्शनकारी संगठनों से अपनी मांगें शांतिपूर्ण तरीके से रखने के लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित धरना स्थल का इस्तेमाल करने की अपील की है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्धारित स्थल के बाहर प्रदर्शन करने, यातायात बाधित करने या सार्वजनिक शांति भंग करने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में डाकबंगला चौराहे पर बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच मार्च की गतिविधियों पर सबकी नजरें टिकी हैं। प्रदर्शन के दौरान यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए अहम चुनौती होगी।मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर उठे इस विवाद ने बिहार की राजधानी में राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। अब देखना होगा कि छात्र-युवा संगठनों का मार्च किस रूप में आगे बढ़ता है और प्रशासन स्थिति को किस तरह नियंत्रित करता है।

रिपोर्ट- अभिजीत कुमार सिंह