पटना पुलिस के 'मुखबिर' को बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलियों से भूना, हिस्ट्री शीटर मंटू गोप को पकड़ाने में निभाई थी भूमिका
पटना के हिस्ट्री शीटर मंटू गोप को पकड़ाने में कथित 'मुखबिर' की भूमिका निभाने वाले को शख्स को शुक्रवार को बदमाशों ने गोली मार दी. गोली मारे जाने की घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया.

Bihar News: एक कुख्यात बदमाश को पकड़वाने में पुलिस की मदद करने वाले कथित मुखबिर को शुक्रवार को अपराधियों ने गोली मार दी. पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के बेलवर गंज में शुक्रवार को एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक की पहचान साहिल राज के रूप में हुई है, जिसे अज्ञात अपराधियों ने उसके घर के पास गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल साहिल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आलमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं। पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि इस हमले के पीछे कुख्यात अपराधी मंटू गोप के गुर्गों का हाथ होने की आशंका है।
एसपी के अनुसार, मंटू गोप ने हाल ही में पुलिस की दबिश के बाद कोर्ट में सरेंडर किया था। उसे पकड़वाने में साहिल राज पर मुखबिरी का संदेह था, जिसके चलते उस पर यह हमला किया गया। हमले में साहिल की गर्दन को छूती हुई गोली निकल गई, जिससे उसकी जान बच गई।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट