पटना पुलिस की बड़ी लापरवाही ! हथकड़ी समेत थाने से फरार हुआ आरोपी, इन मामलों में हुआ था गिरफ्तार
जिस आरोपित को पकडकर थाने लाए हुए पुलिस को कुछ घंटे ही बीते थे उसने पुलिस की सारी मेहनत पर पानी फेरते हुए हथकड़ी सहित फरार होकर पटना पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर कर दी है.
Bihar Crime : राजधानी पटना में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पटना के बहादुरपुर थाना से मोबाइल छिनतई का एक आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सबसे हैरानी की बात यह है कि आरोपित हथकड़ी समेत थाने से भाग निकला और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को पुलिस ने मोबाइल छिनतई के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया था। देर रात आरोपित ने शौच जाने की बात कही, जिसके बाद उसे बाहर ले जाया गया। इसी दौरान वह पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपित के भागने के बाद थाने में हड़कंप मच गया।
सूत्रों की मानें तो पूरी रात पुलिस टीम आरोपित की तलाश में छापेमारी करती रही, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना ने पटना पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हथकड़ी लगा आरोपित पुलिस हिरासत से कैसे भाग गया? क्या थाने में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा था?
बहादुरपुर थानाध्यक्ष ने भी आरोपित के फरार होने की पुष्टि की है। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। वहीं स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं और इसे बड़ी लापरवाही बता रहे हैं।
अनिल की रिपोर्ट