पटना के जाम पर कब्जे का खेल खत्म, 45 मिनट का सफर 15 मिनट में होगा तय, 15 अगस्त से मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड पर फर्राटा भरेंगेी गाड़िया

Patna Elevated Road: राजधानी के जाम से कराहते लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मीठापुर से सिपारा के बीच बन रहा 2.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड अब लगभग तैयार है...

Patna Traffic Relief Elevated Road Ready Vehicles May Run Au
मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड पर फर्राटा भरेंगेी गाड़िया- फोटो : social Media

Patna Elevated Road: राजधानी के जाम से कराहते लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मीठापुर से सिपारा के बीच बन रहा 2.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड अब लगभग तैयार है। परियोजना में सिर्फ कालीकरण और ड्रेनेज पाइप सिस्टम से जुड़ा थोड़ा काम बाकी है। बिहार राज्य पथ विकास निगम के अधिकारियों के मुताबिक, बचा हुआ काम अगले तीन-चार दिनों में पूरा हो सकता है। सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो 15 अगस्त से इस एलिवेटेड रोड पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकती है।

इस सड़क के खुलते ही दक्षिण पटना और पुनपुन की तरफ से आने वाले लोगों की जाम से जंग काफी आसान हो जाएगी। अभी पुनपुन से पटना पहुंचने में करीब 45 मिनट लग जाते हैं, लेकिन नई सड़क शुरू होने के बाद दक्षिण पटना से आने वाले वाहन करीब 15 मिनट में मीठापुर गोलंबर तक पहुंच सकेंगे।मीठापुर पहुंचने के बाद शहर के कई अहम हिस्सों की राह भी आसान होगी। विधानसभा, सचिवालय और वीरचंद पटेल पथ से आयकर गोलंबर तक पहुंचना सुगम होगा। वहीं बुद्धमार्ग, बेली रोड, कंकड़बाग और एग्जीबिशन रोड होते हुए गांधी मैदान की ओर जाने वालों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। गंगा पथ के जरिए पूर्वी पटना और जेपी सेतु के रास्ते उत्तर बिहार की कनेक्टिविटी भी बेहतर हो सकेगी।

यह 2.1 किलोमीटर का हिस्सा करीब 11 किलोमीटर लंबे पूरे कॉरिडोर की अहम कड़ी है। इसमें मीठापुर-महुली की करीब 8.8 किलोमीटर सड़क और पुनपुन तक करीब 2.2 किलोमीटर एट-ग्रेड फोरलेन सड़क भी शामिल है।हालांकि सिपारा आरओबी से जुड़ने वाले हिस्से में अभी कुछ इंतजार करना होगा। अप्रोच रोड का काम जारी है और इसके लिए रेलवे से 70 घंटे का ब्लॉक मांगा गया है। फिलहाल भूपतिपुर की ओर से एलिवेटेड रोड पर चढ़ने की राह तैयार है, लेकिन उतरने की सुविधा सिपारा आरओबी का काम पूरा होने के बाद मिलेगी।

उधर करबिगहिया गोलंबर भी 15 अगस्त तक चालू होने की उम्मीद है। मीठापुर से जोड़ने वाला अप्रोच तैयार है और सिर्फ कालीकरण बाकी है। इसके शुरू होने पर बाइपास और पुराने मीठापुर बस स्टैंड की ओर से आने वाले वाहनों को फ्लाईओवर का रास्ता मिलेगा, जिससे गोलंबर के नीचे जाम का दबाव घट सकता है।शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मीठापुर-सिपारा एलिवेटेड रोड और करबिगहिया गोलंबर परियोजना का जायजा लिया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।

अगर दोनों परियोजनाएं तय समय पर चालू होती हैं तो पटना की सड़कों पर रोजाना जाम से जूझने वाले लाखों लोगों के लिए यह सड़क पर राहत का बड़ा ‘वारंट’ साबित हो सकता है।