पटना में आज से गंगा में चलेगी वाटर मेट्रो, CM सम्राट आज दिखाएंगे हरी झंडी, 50 रुपये में AC सफर

टना में जल पर्यटन को नई पहचान दिलाने के लिए पटना वाटर मेट्रो की शुरुआत मंगलवार को हो रही है. सीएम सम्राट चौधरी इसका शुभारम्भ करेंगे जिसके बाद पटना में गंगा नदी में नौवहन से जुड़े पर्यटन का यह अनोखा सफर होगा

  Patna Water Metro
Patna Water Metro - फोटो : news4nation

Patna Water Metro :  अब पटना में गंगा की लहरों पर सफर करना सिर्फ कल्पना नहीं, हकीकत बनने जा रहा है। सड़क की भीड़ और ट्रैफिक से अलग गंगा के रास्ते सफर का नया विकल्प मिलने वाला है। बिहार की राजधानी में मंगलवार (10 नवंबर) से वाटर मेट्रो सेवा शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 3 बजे दीघा घाट से इस आधुनिक जलयान को हरी झंडी दिखाएंगे। खास बात यह है कि महज 50 रुपये में यात्री AC की सुविधा के साथ गंगा की सैर कर सकेंगे।


बिहार पर्यटन विभाग की इस पहल से पटना में जल पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। फिलहाल वाटर मेट्रो का परिचालन दीघा के मीनार घाट से गांधी घाट के बीच होगा। भविष्य में इस सेवा का विस्तार कंगन घाट तक करने की योजना है।


दीघा से गांधी घाट तक चलेगी वाटर मेट्रो 

पर्यटन विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, वाटर मेट्रो मंगलवार को दोपहर 3 बजे दीघा स्थित मीनार घाट से रवाना होगी। यह जलयान शाम 3:40 बजे गांधी घाट पहुंचेगा। वहां से 4:10 बजे वापसी के लिए रवाना होकर शाम 5:30 बजे मीनार घाट पहुंचेगा। पहले दिन के लिए विभाग ने यही परिचालन समय निर्धारित किया है। यात्रियों को गंगा के रास्ते पटना के दो प्रमुख घाटों के बीच सफर करने का अवसर मिलेगा।


50 रुपये में AC सफर, बच्चों के टिकट पर भी छूट

वाटर मेट्रो में एक साथ 50 यात्री सफर कर सकेंगे। इसके लिए किराया भी आम लोगों की पहुंच में रखा गया है। वयस्क यात्रियों का किराया  50 रुपये,  पांच साल से कम उम्र के बच्चे का निशुल्क और पांच से 12 साल तक के बच्चे का 25 रुपये किराया रखा गया है।  फिलहाल यात्रियों को दीघा घाट पर बने टिकट काउंटर से टिकट लेना होगा। पर्यटन विभाग जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी में है।


AC, टॉयलेट और व्हीलचेयर समेत कई आधुनिक सुविधाएं

यह कैटामरान वेसल आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित केबिन, उद्घोषणा प्रणाली, शौचालय और व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। 50 यात्रियों की क्षमता वाला यह जलयान पर्यटकों के साथ आम यात्रियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।


हाइब्रिड इंजन से चलेगी वाटर मेट्रो, प्रदूषण भी नहीं होगा

वाटर मेट्रो में हाइब्रिड इंजन लगाया गया है। यह मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होगी। इसकी बैटरी चार्ज करने के लिए दीघा के मीनार घाट और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर तथा शोर चार्जर की व्यवस्था की गई है। पर्यटन विभाग का दावा है कि इसके संचालन से जल, ध्वनि और वायु प्रदूषण नहीं होगा। इस पहल के जरिए गंगा में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ राजधानी में आधुनिक जल परिवहन की नई सुविधा विकसित करने की कोशिश की जा रही है।


कंगन घाट तक विस्तार की तैयारी

फिलहाल दीघा से गांधी घाट के बीच वाटर मेट्रो का परिचालन शुरू किया जा रहा है। आगे इसे कंगन घाट तक विस्तारित करने की योजना है। इससे पटना में गंगा किनारे स्थित प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने का एक नया विकल्प विकसित हो सकता है। वाटर मेट्रो की शुरुआत के साथ ही पटना के पर्यटन क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।