Bihar Petrol Price Hike: महंगे हुए पेट्रोल-डीजल, पटना में पेट्रोल 108 के पार, डीजल भी हुआ बेहिसाब महंगा, आने वाले दिनों में और बढ़ोतरी के संकेत

Bihar Petrol Price Hike: तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में 3 रुपए प्रति लीटर का इजाफा कर दिया है।...

Petrol Diesel Prices Surge by Rs 3 Amid Crude Oil Spike
पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा- फोटो : social Media

Bihar Petrol Price Hike: देश में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम आदमी की जेब पर भारी बोझ डाल दिया है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में 3 रुपए प्रति लीटर का इजाफा कर दिया है। राजधानी पटना में अब पेट्रोल 105.47 रुपए की जगह 108.47 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि डीजल 91.49 रुपए से बढ़कर 93.49 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपए से बढ़कर 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गई है और डीजल 87.67 रुपए से बढ़कर 90.67 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

तेल की कीमतों में इस इजाफे की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल के दामों में आई तेज़ी बताई जा रही है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और जंग जैसे हालात के कारण ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी उछाल आया है। कुछ समय पहले तक 70 डॉलर प्रति बैरल बिकने वाला कच्चा तेल अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है।

क्रूड ऑयल महंगा होने से तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया था। इसी घाटे की भरपाई के लिए कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। जानकारों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रही, तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतें और बढ़ सकती हैं।

हालांकि इससे पहले केंद्र सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए स्पेशल एक्साइज ड्यूटी में कटौती की थी। पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपए से घटाकर 3 रुपए प्रति लीटर कर दी गई थी, जबकि डीजल पर 10 रुपए की ड्यूटी पूरी तरह खत्म कर दी गई थी। बावजूद इसके अब बढ़ती वैश्विक परिस्थितियों ने एक बार फिर महंगाई की आग को हवा दे दी है।