भटके हुए छात्रों को माफ करने का संदेश देकर PM मोदी दिया बड़े हृदय का परिचय, कांग्रेस का देशभर में सूपड़ा साफ : संजय सरावगी

पीएम मोदी के सोशल मीडिया के जरिए जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों को माफ करने संदेश का बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सराहना की है। वहीं उन्होंने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोले हुए कहा है कि पूरे देश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है....

भटके हुए छात्रों को माफ करने का संदेश देकर PM मोदी दिया बड़े
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी (फाइल फोटो)- फोटो : सोशल मीडिया

Patna : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों को माफ करने के फैसले की सराहना की है। सरावगी ने कहा कि छात्रों ने पीएम और उनकी दिवंगत माताजी के खिलाफ बेहद अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया था, जिसे सार्वजनिक रूप से सुनना भी कठिन है। इसके बावजूद, प्रधानमंत्री ने अपने 'बड़े हृदय' का परिचय देते हुए कहा कि भटके हुए युवाओं को सजा की जगह मार्गदर्शन की जरूरत है। पीएम ने सभी छात्रों को माफ करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम घटने से व्यापारियों और आम जनता को राहत

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई कटौती पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) के घटते दामों का लाभ सीधे जनता तक पहुंचा रही है। उन्होंने याद दिलाया कि खाड़ी युद्ध के समय कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें काफी बढ़ गई थीं, लेकिन अब इसमें लगातार गिरावट आ रही है। सरकार के इस कदम से आम लोगों और व्यापारियों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी, जो कि एक अत्यंत स्वागत योग्य फैसला है।


कांग्रेस का देशभर में सूपड़ा साफ, राहुल गांधी से जनता का मोहभंग: सरावगी

विपक्ष पर हमला बोलते हुए सरावगी ने दावा किया कि पूरे देश में कांग्रेस की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। बंगाल और असम में कांग्रेस पूरी तरह साफ हो चुकी है, जबकि पुडुचेरी में एनडीए ने सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आम जनता के मन से उतर चुके हैं, जिसके कारण कांग्रेस में भगदड़ का माहौल है। इसके अलावा, पंजाब में भी जनता एनडीए की ओर रुख कर रही है, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार भी जनहित में विफल रहने के कारण जल्द ही बिखराव का सामना करेगी।


कुलगाम आतंकी हमले पर जताया दुख, आतंकवादियों पर सख्त कार्रवाई का वादा

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों द्वारा दो निर्दोष मजदूरों की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सरावगी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लगातार आतंकवादियों का सफाया कर रही है और घाटी में आतंकी गतिविधियों में भारी कमी आई है। कुलगाम की घटना में शामिल आतंकियों के खिलाफ सरकार कठोरतम कार्रवाई करेगी और किसी भी कीमत पर ऐसी नापाक हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


सिवान गोलीकांड पर राजनीति न करने की सलाह, दोषी पर कार्रवाई की पुष्टि

सिवान में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस फायरिंग और लाठीचार्ज के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को सरावगी ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस पुलिसकर्मी ने एके-47 से फायरिंग की थी, उस पर सख्त कार्रवाई कर दी गई है। उन्होंने यह भी साफ किया कि किसी वरिष्ठ अधिकारी ने फायरिंग का आदेश नहीं दिया था। सरावगी ने विपक्ष को इस संवेदनशील मुद्दे पर बेवजह राजनीति न घुसेड़ने की सख्त सलाह दी।