बांकीपुर में जन सुराज की आंधी! नौवें राउंड तक 5400 वोटों से आगे प्रशांत किशोर, भाजपा का गढ़ डगमगाया, स्कूल बैग के बोझ तले बुझती दिखी लालटेन

Bankipur Bypoll Result: नौवें राउंड की गिनती पूरी होने तक जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी नीरज सिन्हा पर 5400 मतों की बढ़त बना ली है। ...

Prashant Kishor Leads Bankipur Bypoll by 5400 Votes After Ro
बांकीपुर में जन सुराज की आंधी! - फोटो : reporter

Bankipur Bypoll Result: बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है। नौवें राउंड की गिनती पूरी होने तक जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी नीरज सिन्हा पर 5400 मतों की बढ़त बना ली है। इस बढ़त ने न केवल राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है, बल्कि भाजपा के परंपरागत गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में सत्ता समीकरण भी बदलते नजर आने लगे हैं।

ताजा रुझानों के अनुसार, स्कूल बैग चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरे प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता मुकाबले में काफी पीछे दिखाई दे रही हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि 'स्कूल बैग' के बोझ तले लालटेन की रोशनी फीकी पड़ती नजर आ रही है, जबकि भाजपा को भी अपने सबसे सुरक्षित माने जाने वाले गढ़ में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव में कुल 25 प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन पूरी लड़ाई जन सुराज, भाजपा और राजद के इर्द-गिर्द सिमटी हुई है। करीब 1.30 लाख मतों की गिनती के बीच हर राउंड के साथ तस्वीर और स्पष्ट होती जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि शुरुआती बढ़त का यह सिलसिला बरकरार रहता है तो बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ सकता है।

बांकीपुर विधानसभा सीट वर्षों से भाजपा का अभेद्य दुर्ग मानी जाती रही है। ऐसे में यहां भाजपा की संभावित पराजय केवल एक सीट का नुकसान नहीं, बल्कि राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश देने वाली घटना साबित हो सकती है। दूसरी ओर, पहली बार चुनावी मैदान में उतरे प्रशांत किशोर के लिए यह बढ़त उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता का संकेत मानी जा रही है।

मतगणना अभी जारी है और चुनाव आयोग के अनुसार अंतिम परिणाम शाम तक आने की संभावना है। लगभग शाम 4 बजे तक बांकीपुर को अपना नया विधायक मिलने की उम्मीद है। फिलहाल नौवें राउंड तक के रुझानों ने इतना जरूर स्पष्ट कर दिया है कि बांकीपुर का मुकाबला इस बार पूरी तरह रोमांचक हो चुका है और हर अगले राउंड पर पूरे बिहार की निगाहें टिकी हुई हैं।