ईद के जश्न के बीच प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार और अमित शाह पर बोला हमला, कहा-'दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार चला रही बिहार सरकार'
बिहार में ईद के जश्न के बीच प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार और अमित शाह पर हमला बोला। उन्होंने वक्फ बिल को वापस लेने की मांग भी उठाई।

Prashant Kishore On Eid: बिहार में ईद का त्योहार पारंपरिक हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। राज्यभर में मुसलमानों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी। इसी बीच, राजनीति भी चरम पर रही। जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार और अमित शाह पर जमकर निशाना साधा और वक्फ बिल को वापस लेने की मांग उठाई।
किशनगंज में आयोजित ईद मिलन समारोह में प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार अब सिर्फ मुखौटा हैं और बिहार की असली सरकार दिल्ली से चल रही है। हालांकि, राजनीतिक बयानों के इतर बिहार में ईदगाहों और मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोग देखें गए जहां पर लोगों ने नमाज अदा की। किशनगंज, पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर समेत पूरे राज्य में ईद का उल्लास देखा गया। नेताओं और राजनीतिक हस्तियों ने भी लोगों को बधाइयां दीं और समाज में शांति व भाईचारे की अपील की।
किशनगंज में प्रशांत किशोर की मनी ईद
प्रशांत किशोर भी किशनगंज के अंजुमन इस्लामिया ईद मिलन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कदम रसूल स्थित मदरसा अमजदिया ईदगाह में चादरपोशी की और समाज में शांति, सद्भावना और खुशहाली की दुआ मांगी।ईद मिलन समारोह के बाद प्रशांत किशोर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कई बड़े बयान दिए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब सरकार चलाने की स्थिति में नहीं हैं। भाजपा ने उन्हें जबरदस्ती 13 करोड़ बिहारवासियों के ऊपर बैठा रखा है। असल में बिहार की सरकार दिल्ली में बैठी केंद्र सरकार और उनके अधिकारी चला रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार शारीरिक रूप से थक चुके हैं और मानसिक रूप से अब शासन करने की स्थिति में नहीं हैं।
वक्फ बिल पर प्रशांत किशोर का बयान
प्रशांत किशोर ने वक्फ बिल पर कहा कि जन सुराज इस वक्फ बिल को वापस लेने की मांग करता है। इस बिल को मुस्लिम समुदाय से सलाह लिए बिना पास करने की तैयारी हो रही है, जो गलत है। उन्होंने जेडीयू सांसदों को घेरा और कहा कि अगर वे वक्फ बिल के खिलाफ वोट करते हैं, तो ही वे गांधी और लोहिया के सच्चे अनुयायी कहे जा सकते हैं। प्रशांत किशोर ने चेतावनी दी कि अगर नीतीश कुमार इस बिल को पास करवाते हैं, तो मुस्लिम समाज उन्हें माफ नहीं करेगा।
नीतीश कुमार पर क्यों भड़के प्रशांत किशोर?
प्रशांत किशोर पिछले कुछ समय से नीतीश कुमार की आलोचना कर रहे हैं।वह जन सुराज अभियान के तहत बिहार में राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं।उन्होंने नीतीश कुमार को भाजपा की कठपुतली बताया और कहा कि बिहार में असली सत्ता केंद्र सरकार और उसके अधिकारी चला रहे हैं।
क्या है वक्फ बिल विवाद?
वक्फ बिल से मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों का प्रबंधन और अधिक पारदर्शी बनाने की योजना है।लेकिन कुछ मुस्लिम संगठन इसे सरकारी हस्तक्षेप के रूप में देख रहे हैं।प्रशांत किशोर और अन्य नेताओं का कहना है कि यह कानून समुदाय के लोगों से सलाह लिए बिना लाया जा रहा है।
बिल को लेकर राजनीतिक घमासान क्यों?
भाजपा इस बिल को धार्मिक संपत्तियों में पारदर्शिता लाने का जरिया बता रही है। जबकि जन सुराज और कई मुस्लिम संगठन इसे समुदाय के अधिकारों पर हमला मान रहे हैं। प्रशांत किशोर ने जेडीयू को घेरा और कहा कि अगर उनकी पार्टी के सांसद वक्फ के खिलाफ वोट दें, तो ही यह कानून नहीं बनेगा।
बिहार की राजनीति में ईद के बहाने बड़ा संदेश?
प्रशांत किशोर ने ईद मिलन के मंच से राजनीति कर बड़ा बयान दिया।उन्होंने नीतीश कुमार और अमित शाह पर निशाना साधते हुए खुद को मुस्लिम समुदाय के समर्थन में दिखाने की कोशिश की। यह बयान बिहार की राजनीति में उनकी भूमिका को मजबूत कर सकता है।