Patna Ekta Mall : पटना में एक ऐसा मॉल जहां एक ही छत के नीचे मिलेंगे भारत के 28 राज्य, जानिए क्या है खासियत

Patna Ekta Mall : राजधानी पटना में एक ऐसे मॉल का निर्माण होने जा रहा है जहां भारत के सभी राज्यों के उत्पाद मिलेंगे। अब आपको किसी राज्य के स्पेशल वस्तुओं की खरीदारी के लिए उस राज्य में जाने की जरुरत नहीं होगी वो सामान आपको पटना में ही मिल जाएगा...

पटना मॉल
पटना में बन रहा आलीशान मॉल - फोटो : social media

Patna Ekta Mall :  जरा सोचिए आप शॉपिंग करने जाए और आपको भारत के हर राज्य के लोकल और जीआई उत्पाद एक ही मॉल में मिल जाए है ना चौंकने वाली बात...जी हां ये सच होने वाला है। राजधानी पटना में 2 एकड़ में एक ऐसे मॉल का निर्माण कराया जा रहा है जहां हर राज्यों का लोकल और जीआई प्रोडक्ट मिलेंगे। इस मॉल का निर्माण जहां हो रहा है वहां पहले कचरे का ढेर था लेकिन अब वहां एक बड़े मॉल का निर्माण कराया जाएगा। इस मॉल में हर राज्य के उत्पाद के लिए एक अलग सेक्शन होगा। 

पटना में बन रहा 'आलीशान मॉल'

जानकारी अनुसार पटना को जल्द ही एक और शॉपिंग मॉल की सौगात मिलने जा रही है जो अपने आप में खास होगा। यह मॉल देश के सभी 28 राज्यों के स्थानीय उत्पादों और जीआई (जियोग्राफिकल इंडिकेशन) टैग वाले सामानों को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराएगा। मॉल का निर्माण उस जगह पर किया जा रहा है, जहां पहले कचरे का डंपिंग प्वाइंट था। मॉल का निर्माण  2 एकड़ में किया जा रहा है। 

बिहार का 'एकता मॉल'

शहर के घनी आबादी वाले इलाके पाटलिपुत्र पानी टंकी के पास स्थित वर्षों पुराने कचरा डंपिंग पॉइंट को शिफ्ट कर दिया गया है। अब लगभग 2 एकड़ जमीन पर यहां "एकता मॉल" बनाया जाएगा। जहां कश्मीर के पश्मीना शॉल, कोल्हापुरी चप्पल, दार्जिलिंग की चाय समेत देशभर के प्रामाणिक उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। मॉल में प्रत्येक राज्य के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाया जाएगा। पटना में ही आपको हर राज्यों का उत्पाद आसानी से मिल जाएगा।  

उद्योग विभाग को मिली जिम्मेदारी 

पटना नगर निगम के नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने बताया कि यह स्थान पहले एक सेकेंडरी कचरा ट्रांसफर प्वाइंट था। जहां से कचरा रामचक बैरिया भेजा जाता था। अब यह स्टेशन दीघा स्थानांतरित कर दिया गया है और इस स्थान पर "एकता मॉल" के निर्माण का निर्णय निगम बोर्ड की बैठक में लिया गया था। मॉल के निर्माण की जिम्मेदारी उद्योग विभाग को दी गई है और नगर निगम ने भूमि के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी कर दिया है। वहीं स्थानीय निवासियों के अनुसार, कचरे की दुर्गंध से उन्हें काफी परेशानी होती थी। डेंगू और अन्य बीमारियों का खतरा बना रहता था। बारिश में कचरा बहकर घरों तक पहुंच जाता था। अब डंपिंग यार्ड हटने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

पटना में बनेंगे 6 ट्रांसफर स्टेशन

स्वच्छ भारत मिशन के तहत पटना नगर निगम शहर में छह ट्रांसफर स्टेशन बनाने जा रहा है। यह साइंटिफिक तरीके से कचरा प्रबंधन की दिशा में बड़ा कदम है। कचरा अब कंपैक्टर मशीनों के माध्यम से सीधे वाहनों में लोड होगा, जिससे ओपन डंपिंग की समस्या समाप्त हो जाएगी। नया मॉल न सिर्फ शहर को देगा नया स्वरूप, बल्कि देश के विविधतापूर्ण उत्पादों को एक मंच पर लाकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी देगा बढ़ावा।