Bihar News: अंचल कार्यालय में हंगामा ! CO ने बीस सूत्री उपाध्यक्ष पर लगाया गंभीर आरोप, वायरल वीडियो को लेकर भारी बवाल

Bihar News: अंचल कार्यालय में भारी हंगामा देखने को मिला है। सीओ ने बीस सूत्री उपाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाया है। अंचल कार्यालय का वीडियो वायरल होने के बाद भारी बवाल देखने को मिल रहा है।

अंचल कार्यालय पुनपुन
अंचल कार्यालय में हंगामा ! - फोटो : social media

Bihar News :  पुनपुन अंचल कार्यालय की छवि धूमिल करने और सरकारी कार्यों में बाधा डालने के आरोप में अंचलाधिकारी (CO) ममता कुमारी ने स्थानीय थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह पूरा मामला 28 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से शुरू हुआ, जिसमें कार्यालय में कर्मियों की अनुपस्थिति का दावा किया गया था। अंचलाधिकारी ने इस वीडियो को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए कहा है कि राजस्व महाअभियान और फार्मर रजिस्ट्रेशन जैसे कार्यों के दबाव के कारण कर्मी केवल लंच के लिए गए थे, जिसे गलत तरीके से पेश किया गया। 

CO का पलटवार: 'भू-माफियाओं से मिलीभगत और अवैध दबाव'

अंचलाधिकारी ने सिन्टु कुमार पर तीखा प्रहार करते हुए उन पर भू-माफियाओं के साथ सांठ-गांठ का आरोप लगाया है। पुलिस को दिए आवेदन में कहा गया है कि सिन्टु कुमार अपने अवैध कार्यों को कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाने की नियत से ऐसे हथकंडे अपनाते हैं। उन्होंने साक्ष्य के तौर पर अपनी जी.पी.एस. लोकेशन वाली तस्वीरें भी पेश की हैं, जो साबित करती हैं कि घटना के वक्त वह क्षेत्र में सरकारी जांच के कार्य से मौजूद थीं, न कि किसी दलाल के घर जैसा कि वीडियो में दावा किया गया है। 

महिला कर्मियों के साथ अभद्रता और धमकी का आरोप

शिकायत के अनुसार, घटना के समय कार्यालय में मौजूद महिला कर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि सिन्टु कुमार ने महिला कर्मियों को धमकाते हुए कहा कि, "पुनपुन मेरा है, तुम बाहर की हो बाहर रहो"। इसके साथ ही एक महिला डाटा एंट्री ऑपरेटर की छवि को गलत तरीके से वीडियो में दिखाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई गई है। पत्र में उल्लेख है कि कार्यालय के कर्मी सिन्टु कुमार के लगातार हस्तक्षेप और अवैध दबाव के कारण असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। 

बीस सूत्री उपाध्यक्ष ने DM को लिखा पत्र, लगाया धमकी का आरोप

दूसरी ओर, बीस सूत्री उपाध्यक्ष सिन्टु कुमार ने भी मोर्चा खोलते हुए पटना जिला पदाधिकारी (DM) को पत्र लिखा है। सिन्टु कुमार का आरोप है कि उन्होंने जनहित में वायरल वीडियो को उच्चाधिकारियों को अग्रसारित किया था, जिससे क्षुब्ध होकर सीओ ममता कुमारी ने उन्हें फोन पर धमकाया। उन्होंने पत्र में दावा किया है कि सीओ का व्यवहार अत्यंत उग्र, अपमानजनक और धमकी भरा था। सिन्टु कुमार ने इस घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर सीओ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। 

प्रशासनिक खेमे में हलचल, जल्द हो सकता है खुलासा

वर्तमान में पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी दोनों पक्षों के आवेदनों की जांच कर रहे हैं। जहाँ एक तरफ सीओ ने सरकारी कार्य में बाधा और कर्मियों को डराने-धमकाने के आरोप में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है, वहीं उपाध्यक्ष ने जनप्रतिनिधि की गरिमा के हनन का मामला उठाया है। पुनपुन अंचल की यह खींचतान अब पटना के प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कॉल रिकॉर्डिंग्स और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही मामले की सत्यता सामने आ जाएगी।

पटना से अनील की रिपोर्ट