Bihar Politics : रेवंत रेड्डी, स्टालिन और प्रियंका को यात्रा में बुलाकर राहुल-तेजस्वी ने किया बिहार का अपमान : संतोष सुमन
Bihar Politics : मंत्री संतोष सुमन ने वोटर अधिकार यात्रा पर तंज कसा है. उन्होंने कहा की राहुल तेजस्वी ने रेवंत रेड्डी, स्टालिन और प्रियंका को बुलाकर बिहार का अपमान किया है.....पढ़िए आगे

PATNA : हम (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कहा है कि राजद-कांग्रेस के युवराज तेजस्वी यादव और राहुल गांधी ने बिहारियों को गाली देने वालों को बिहार बुलाकर बिहार का अपमान किया है। बिहार की जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
डॉ. सुमन ने कहा है कि रेवंत रेड्डी और प्रियंका वाड्रा के बाद एम के स्टालिन को बुलाकर राहुल-तेजस्वी ने बिहारियों के जले पर नमक छिड़का है। रेवंत रेड्डी, जिन्होंने बिहारी डीएनए का मजाक उड़ाया था और प्रियंका वाड्रा, जिन्होंने चरणजीत चन्नी द्वारा बिहारियों को गाली दिए जाने पर बेशर्मी से ताली बजाई थी।
उन्होंने कहा कि डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की पार्टी और नेताओं का मानना है बिहारी शौचालय साफ करने वाले होते हैं। हिंदी भाषी प्रदेशों को गौमूत्र प्रदेश और हिंदुओं को मलेरिया, डेंगू की तरह समाप्त करने की बात करने वाली पार्टी के नेता को बिहार बुलाना 14 करोड़ बिहारियों को गाली देना है।
डॉ. सुमन ने कहा कि यह कोई संयोग नहीं है। यह आरजेडी-कांग्रेस की मानसिकता है। मेहनतकश स्वाभिमानी बिहारियों को गाली दी जाती हैं, जबकि यात्रा निकल कर अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को वोट बैंक मान उनका बचाव किया जा रहा है।