Patna Ram Navami Security: रामनवमी पर पटना हुआ किले में तब्दिल, हर गली में पुलिस का पहरा, ड्रोन की निगरानी में शहर, हाई अलर्ट जारी

Patna Ram Navami Security: पटना में रामनवमी के मौके पर माहौल पूरी तरह हाई अलर्ट पर है।...

Ram Navami Patna turns fortress drones heavy police alert no
रामनवमी पर पटना हुआ किले में तब्दिल- फोटो : social Media

Patna Ram Navami Security: पटना में रामनवमी के मौके पर माहौल पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। शहर के हर कोने में जैसे कानून का सख्त पहरा बैठा दिया गया हो। डाक बंगला चौराहा स्थित हनुमान मंदिर, राजवंशी नगर हनुमान मंदिर और पटना सिटी के जला हनुमान मंदिर जैसे अहम धार्मिक ठिकानों को संवेदनशील ज़ोन घोषित कर दिया गया है। यहां हर आने-जाने वाले शख्स पर कड़ी नजर रखी जा रही है, मानो कोई भी संदिग्ध हरकत तुरंत पुलिस के शिकंजे में आ सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, पूरे जिले में करीब 1500 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसमें लोकल फोर्स के साथ बाहरी बल भी शामिल हैं, ताकि किसी भी गड़बड़ी या फसाद को जड़ से खत्म किया जा सके। हर चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर भीड़ को कंट्रोल करने की पूरी प्लानिंग की गई है। अलग-अलग काउंटर बनाकर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि अफरा-तफरी का माहौल न बने।

सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि अब सिर्फ जमीन पर ही नहीं, बल्कि आसमान से भी नजर रखी जा रही है। ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के जरिए हर मूवमेंट रिकॉर्ड हो रहा है। पुलिस की नजरों से बच पाना अब लगभग नामुमकिन है। संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत एक्शन लेने के लिए कंट्रोल रूम 24 घंटे एक्टिव है।

वहीं, शाम 5 बजे के बाद झांकी के आगमन को देखते हुए ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा बदलाव किया गया है। बेली रोड से आयकर गोलंबर तक ई-रिक्शा और ऑटो के संचालन पर पाबंदी लगा दी गई है। यात्रियों को वैकल्पिक रास्तोंबोरिंग रोड चौराहा और राजापुर पुल से गुजरने की हिदायत दी गई है। स्टेशन जाने वालों के लिए आर ब्लॉक, जीपीओ और चिरैयाटाड़ फ्लाईओवर का रूट तय किया गया है। प्रशासन ने साफ शब्दों में जनता से अपील की है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। शांति बनाए रखने के लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है, वरना कानून का शिकंजा कसने में देर नहीं लगेगी।