बालू माफियाओं पर भारी पड़ी पटना पुलिस:रानीतालाब में छापेमारी कर 6 ट्रैक्टर जब्त,हत्या के प्रयास का आरोपी दबोचा

पटना के बिक्रम (रानीतालाब) में देर रात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध बालू खनन पर नकेल कसी। साथ ही हत्या के प्रयास के आरोपी अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया।थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने दी सख्त चेतावनी- "गैरकानूनी काम करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे

ranitalab police action six sand tractors seized
बालू माफियाओं पर भारी पड़ी पटना पुलिस:रानीतालाब में छापेमारी कर 6 ट्रैक्टर जब्त- फोटो : Reporter

पटना जिले के रानीतालाब थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार की देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश दिया है। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पालीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी-2) के नेतृत्व में यह विशेष छापेमारी की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बुद्धू छपरा स्थित बालू घाट नंबर-3 पर अचानक धावा बोलकर बिना चालान के अवैध बालू ले जा रहे छह ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। इस बड़ी कार्रवाई का संचालन रानीतालाब थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने पुलिस बल के साथ किया, जिससे क्षेत्र के अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। सभी जब्त वाहनों को थाने लाया गया है और इसकी सूचना खनन विभाग को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दे दी गई है।


हत्या के प्रयास का फरार आरोपी अर्जुन कुमार गिरफ्तार

इसी विशेष अभियान के दौरान रानीतालाब पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के ही जीतन छपरा गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी अर्जुन कुमार (पिता रामलेश यादव) को उसके घर से दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रानीतालाब थाना कांड संख्या 292/25 में मुख्य रूप से वांछित था, जिसकी पुलिस को काफी दिनों से तलाश थी। आवश्यक पूछताछ के बाद बुधवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


गैरकानूनी गतिविधियों पर थाना प्रभारी की सख्त चेतावनी

सफल छापेमारी के बाद रानीतालाब थाना प्रभारी श्रवण कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र के भीतर किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन, रंगदारी या किसी भी अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त लोगों पर पुलिस की विशेष टीम लगातार पैनी नजर रख रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति कानून व्यवस्था को हाथ में लेने या सरकारी राजस्व को चूना लगाने का प्रयास करेगा, उसके विरुद्ध पुलिस बेहद कठोर कानूनी कदम उठाएगी।


जनता से सहयोग की अपील और गोपनीयता का भरोसा

थाना प्रभारी ने इलाके में शांति और सुशासन बनाए रखने के लिए आम नागरिकों से भी पुलिस का सहयोग करने की पुरजोर अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी ग्रामीण को अपने आस-पास किसी अवैध बालू खनन या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वे बिना किसी डर के सीधे पुलिस को सूचित कर सकते हैं। पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को पूरी तरह से गुप्त और सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस और जनता के आपसी समन्वय से ही क्षेत्र में अपराध और अवैध कारोबार पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है।

रिपोर्ट - ऋषिकेश कुमार