Bihar Politics: लालू यादव की अध्यक्ष पद से विदाई? राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में होगा बड़ा उलट-फेर, तेजस्वी लेंगे बड़ा फैसला, चर्चा तेज

Bihar Politics: राजद सुप्रीमो लालू यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ सकते हैं। ऐसी चर्चाएं लगातार तेज है। 25 जनवरी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

तेजस्वी यादव
राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक- फोटो : social media

Bihar Politics:  बिहार की राजनीति में बड़ा उलट फेर देखने को मिल सकता है। मिली जानकारी अनुसार राजद सुप्रीमो लालू यादव अपने पद को छोड़ सकते हैं। लालू यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ सकते हैं इसको लेकर चर्चाएं तेज हो गई है। हालांकि इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि इसका फैसला राजद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया जाएगा। 25 जनवरी को यह बैठक होनी है। 

लालू यादव छोड़ेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद? 

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस प्रस्ताव पर लगभग सहमति बन चुकी है। वहीं बैठक में संगठनात्मक स्तर पर कई अहम फैसले लिए जाने की संभावना है। कुछ वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। इसके साथ ही हालिया विधानसभा चुनाव में कथित तौर पर भितरघात करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई पर भी विचार हो सकता है।

लालू यादव की स्वास्थ्य समस्या बनी बजह  

पार्टी सूत्रों की मानें तो राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य को देखते हुए पार्टी में कार्यकारी अध्यक्ष के पद की आवश्यकता महसूस की जा रही है। चिकित्सकों ने उन्हें तनाव से दूर रहकर आराम करने की सलाह दी है, जिससे वे सक्रिय राजनीतिक गतिविधियों में सीमित भूमिका निभा पा रहे हैं। ऐसे में संगठन की निरंतरता और सक्रिय संचालन के लिए कार्यकारी अध्यक्ष का चयन जरूरी माना जा रहा है। वहीं तेजस्वी यादव इस पद के स्वाभाविक दावेदार माने जा रहे हैं। वर्तमान में भी पार्टी के लगभग सभी अहम फैसले तेजस्वी ही ले रहे हैं और अघोषित रूप से संगठन की कमान संभाले हुए हैं। हालांकि, औपचारिक पद न होने के कारण वे कई निर्णयों की सार्वजनिक घोषणा नहीं कर पा रहे हैं।

तेजस्वी बन सकते हैं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष 

पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को व्यापक स्वीकार्यता मिल चुकी है और विरोध करने वाले नेता भी हाशिये पर जा चुके हैं। ऐसे में लालू प्रसाद यादव चाहते हैं कि नेतृत्व परिवर्तन को औपचारिक और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाए। बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों में राजद के लिए अधिक सक्रियता जरूरी हो गई है। समय के अनुरूप संगठन और नीतियों में बदलाव की जरूरत को भी पार्टी नेतृत्व महसूस कर रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। 

13 वीं बार बने हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष 

लालू यादव पिछले 28 सालों से राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर बने हुए हैं। 5 जुलाई 1997 से लालू यादव लगातार राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर बने हुए हैं। जून 2025 में लालू यादव 13वीं बार राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। 5 जुलाई 2025 को उनकी ताजपोशी की गई। यह लालू यादव की 13वीं कार्यकाल है जो 2028 तक रहेगी। राजद पार्टी में हर तीन साल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है। राजद पार्टी के गठन के बाद से ही लालू यादव ने ही इस पद की जिम्मेदारी संभाली है। वहीं अब माना जा रहा है कि राजद की कमान उनके हाथों से छूट सकती है।