परिसीमन पर RJD में दो फाड़! लालू-तेजस्वी के फैसले के विरोध में उतरे जहानाबाद सांसद सुरेंद्र यादव

सुरेंद्र प्रसाद यादव का समर्थन वाला बयान राजद के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार की योजना के मुताबिक, 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा तथा 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में महत्वपूर्ण विधायी कार्य किए जाएंगे।

Surendra Yadav
Surendra Yadav- फोटो : news4nation

Surendra Yadav :  परिसीमन संशोधन विधेयक को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के भीतर मतभेद उभरते नजर आ रहे हैं। लोकसभा में पार्टी के चार सांसद हैं और इस मुद्दे पर उनके अलग-अलग रुख की चर्चा ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। जहां जहानाबाद से राजद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने परिसीमन संशोधन विधेयक का समर्थन करते हुए इसे जरूरी कवायद बताया है, वहीं पार्टी के एक अन्य सांसदों के भी समर्थन में रहने की चर्चा है। गया में जहानाबाद के RJD सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने डिलिमिटेशन बिल (परिसीमन विधेयक) पर कहा कि वे इस परिसीमन विधेयक के पक्षधर हैं।

एक ओर जहाँ लालू यादव- तेजस्वी यादव सहित राजद के अधिकांश नेता इसके विरोध में हैं वहींसुरेंद्र यादव के इस तरह समर्थन में बयान देने से राजद में दो फाड़ वाली स्थिति बनती जा रही है। दूसरी ओर, राजद के लोकसभा सांसद मीसा भारती और सुधाकर सिंह के इस विधेयक के विरोध में बताए जाने से राजद के भीतर दो फाड़ की स्थिति बनती दिख रही है।


दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सेवा तीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण कानून से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की योजना है। सरकार के इस फैसले के बाद अब राजनीतिक दलों के रुख पर नजरें टिक गई हैं।


इस बीच सुरेंद्र प्रसाद यादव का समर्थन वाला बयान राजद के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि औरंगाबाद से सांसद अभय कुशवाहा भी परिसीमन के समर्थन में खड़े हो सकते हैं। वहीं, पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती और बक्सर से सांसद सुधाकर सिंह के विरोध में रहने की चर्चा है। हालांकि, इन सभी सांसदों के रुख पर पार्टी की ओर से कोई औपचारिक सामूहिक निर्णय सामने नहीं आया है।


इधर, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने चार दिवसीय संसदीय सत्र बुलाने की जानकारी दी है। सरकार की योजना के मुताबिक, 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा तथा 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में महत्वपूर्ण विधायी कार्य किए जाएंगे। रिजिजू ने बताया कि इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से भी बातचीत की है।


परिसीमन पर राजद सांसदों के अलग-अलग रुख की चर्चा ऐसे समय में सामने आई है, जब इस विधेयक को लेकर देशभर में राजनीतिक बहस तेज है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक रुख तय करता है या सांसदों को अपनी राय रखने की स्वतंत्रता देता है।