Bihar Assembly Elections 2025: बिहार की सियासत में नई हलचल! सूरजभान सिंह के आरजेडी में जाने की खबरों पर RLJP ने तोड़ी चुप्पी, कह दी बड़ी बात

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार चुनाव से पहले सूरजभान सिंह के आरजेडी में शामिल होने की खबरों पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने सफाई दी है। पार्टी प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने इसे पूरी तरह झूठ और भ्रामक बताया है।

Bihar Assembly Elections 2025
सूरजभान सिंह को लेकर बड़ी अपडेट- फोटो : social media

Bihar Assembly Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्य की राजनीति दिन-ब-दिन दिलचस्प मोड़ ले रही है।हर दिन नए गठबंधन, बयानबाज़ी और दलबदल की अटकलों से माहौल गर्म है। इसी बीच राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के वरिष्ठ नेता और संसदीय बोर्ड अध्यक्ष सूरजभान सिंह को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हुई कि सूरजभान सिंह राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इन खबरों पर अब पार्टी की ओर से आधिकारिक सफाई सामने आ गई है।

पशुपति कुमार पारस की अगुवाई वाली RLJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने न्यूज फॉर नेशन से बातचीत में इस खबर को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि सूरजभान सिंह वैचारिक रूप से मजबूत और सिद्धांतवादी व्यक्ति हैं। वे किसी भी कीमत पर आरजेडी में शामिल नहीं होने वाले हैं। यह सब सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही शरारती अफवाहें हैं। अग्रवाल ने आगे कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सामाजिक न्याय आधारित सरकार बनाने के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं। उन्होंने यह भी बताया कि दो दिन बाद यानी (12 अक्तूबर 2025) को विधायक कॉलोनी में बड़ी बैठक होने वाली है, जिसमें चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।

सूरजभान सिंह असूलों के आदमी हैं– श्रवण अग्रवाल

प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि सूरजभान सिंह की राजनीति रामविलास पासवान के सिद्धांतों से प्रेरित रही है।वे असूल वाले इंसान हैं। उनकी राजनीति हमेशा रामविलास पासवान जी की विचारधारा पर आधारित रही है।अगर वे कोई बड़ा फैसला लेते भी हैं, तो पहले पासवान समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से चर्चा करते हैं।वे कभी चोरी-छिपे राजनीति नहीं करते।”इस बयान के बाद पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि सूरजभान सिंह के किसी अन्य दल में जाने की खबरों का RLJP से कोई संबंध नहीं है।

महागठबंधन से बातचीत जारी

श्रवण अग्रवाल ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की महागठबंधन (RJD-कांग्रेस) बातचीत चल रही है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि RLJP औपचारिक रूप से महागठबंधन में शामिल होगी या अलग राह चलेगी, लेकिन उनके बयान से यह संकेत जरूर मिला कि पार्टी एनडीए के बजाय विपक्षी खेमे की ओर झुकाव रखती है।

सूरजभान सिंह कौन हैं?

सूरजभान सिंह बिहार की राजनीति में बाहुबली नेता के रूप में जाने जाते हैं।वे रामविलास पासवान के करीबी माने जाते हैं और लोजपा (अब RLJP) की राजनीति में उनकी भूमिका निर्णायक रही है।

पटना से न्यूज फॉर नेशन की रिपोर्ट