Lalu Prasad Yadav Birthday:79 के हुए लालू यादव, राबड़ी ने खिलाया केक, बेटी रोहिणी के भावुक संदेश ने जीत लिया दिल, बोलीं— हर मुश्किल में आप मेरी ढाल बनकर खड़े रहे...
Lalu Prasad Yadav Birthday:राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो और बिहार की सियासत के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शुमार लालू प्रसाद आज अपना 79वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर राबड़ी आवास में देर रात पारिवारिक माहौल के बीच जन्मदिन का जश्न मनाया गया। परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में केक काटा गया और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी ने अपने हाथों से लालू यादव को केक खिलाकर जन्मदिन की मुबारकबाद दी। इस दौरान पूरे परिवार में खुशी और अपनापन साफ झलकता नजर आया।
लालू यादव के जन्मदिन को लेकर राजद कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी कार्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। राज्यभर के जिला मुख्यालयों में राजद कार्यकर्ता केक काटकर, मिठाइयां बांटकर और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर अपने नेता का जन्मदिन मना रहे हैं। समर्थकों के बीच लालू यादव के लंबे राजनीतिक सफर, सामाजिक न्याय की राजनीति और जनाधार को लेकर चर्चाएं भी तेज हैं।
इधर लालू यादव की लाडली बेटी रोहिणी आचार्या ने पिता के जन्मदिन पर भावनाओं से भरा संदेश साझा कर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। रोहिणी ने पिता के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनकी जिंदगी में पिता का स्थान कोई दूसरा नहीं ले सकता। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने हर कदम पर उनका हाथ थामा, गिरकर संभलना सिखाया और हर मुश्किल घड़ी में ढाल बनकर उनका साथ दिया।

रोहिणी ने अपने संदेश में पिता के प्यार, त्याग और आशीर्वाद को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने दुआ की कि पिता का साया हमेशा उनके सिर पर बना रहे और उन्हें जीवनभर मार्गदर्शन मिलता रहे।
लालू यादव का यह जन्मदिन केवल पारिवारिक जश्न नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक कद, सामाजिक विरासत और परिवार के मजबूत भावनात्मक रिश्तों का भी प्रतीक बनकर सामने आया है। राजद समर्थकों के लिए यह दिन उत्सव के साथ-साथ अपने नेता के संघर्ष और योगदान को याद करने का अवसर भी बन गया है।