Bihar News: रोजगार के साथ मिलेगा रहने का ठिकाना, बिहार के 10 औद्योगिक क्षेत्रों में बनेंगे महिला हॉस्टल
Bihar News: बिहार में कामकाजी महिलाओं के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुरक्षित हॉस्टल बनाए जाएंगे। सरकार की इस पहल से महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। पहले चरण में 10 स्थानों पर हॉस्टल निर्मा

बिहार में बढ़ते औद्योगीकरण और मजबूत कानून व्यवस्था के चलते महिलाओं के लिए नए रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवास की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।
महिलाओं के लिए औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर
राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से सरकार ने एक नई योजना लागू की है। इस योजना के तहत महिलाओं को कपड़ा, बैग, प्लास्टिक, जूता, फर्नीचर, खिलौना, खाद्य प्रसंस्करण सहित विभिन्न फैक्ट्रियों में तकनीकी और सामान्य नौकरियों के अवसर मिलेंगे। यह पहल ‘स्कीम फॉर स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट’ के तहत चलाई जा रही है।
राज्य सरकार का लक्ष्य पहले चरण में 1.50 लाख महिलाओं को रोजगार देना है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। अगर यह योजना सफल रहती है, तो इसे राज्य के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा।
इन जिलों में बनाए जाएंगे आधुनिक हॉस्टल
राज्य के 9 जिलों में 10 स्थानों पर महिला श्रमिकों के लिए सुरक्षित हॉस्टल बनाए जाएंगे।
-
पटना: फतुहा और बिहटा औद्योगिक क्षेत्र (400 महिलाओं के लिए)
-
मुजफ्फरपुर: टेक्सटाइल क्लस्टर में आधुनिक हॉस्टल निर्माण
-
बक्सर: नवानगर औद्योगिक क्षेत्र
-
औरंगाबाद: औद्योगिक क्षेत्र विकास केंद्र
-
हाजीपुर: औद्योगिक क्षेत्र
-
पश्चिम चंपारण: कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र
-
मधुबनी: सकरी औद्योगिक क्षेत्र
-
बेगूसराय: औद्योगिक क्षेत्र विकास केंद्र
-
पूर्णिया: मरंगा औद्योगिक क्षेत्र
आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे हॉस्टल
इन हॉस्टलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाया जाएगा, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और आरामदायक वातावरण मिल सके। पांच मंजिला (G+4) हॉस्टलों के निर्माण पर प्रति हॉस्टल ₹22.30 करोड़ की लागत आएगी, जिससे कुल परियोजना की लागत ₹223 करोड़ होगी। इस परियोजना को आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार (आयडा), पटना द्वारा क्रियान्वित किया जाएगा।
किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?
-
अविवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
-
₹50,000 तक वेतन पाने वाली महिलाओं को यह सुविधा मिलेगी।
-
आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए।
महिलाओं को मिलेगा सुविधाजनक नौकरी का अवसर
औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इससे दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को भी सुरक्षित आवास और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।