विधानसभा में संजीव चौरसिया बने मुख्य सचेतक, मंजीत सिंह को उप मुख्य सचेतक का जिम्मा, सीएम सम्राट ने 9 विधायकों को बनाया सचेतक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से शुक्रवार को बिहार विधानसभा में NDA के लिए मुख्य सचेतक, उप मुख्य सचेतक सहित सचेतकों के नाम को अंतिम रूप दिया गया.
Bihar Assembly: बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन दल ने संसदीय कार्यों के बेहतर संचालन को लेकर मुख्य सचेतक, उप मुख्य सचेतक और सचेतकों की नियुक्ति की घोषणा कर दी है। इस संबंध में बिहार सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से शुक्रवार को सभी नामों को अंतिम रूप दिया गया।
जारी आदेश के अनुसार, दीघा विधानसभा क्षेत्र से विधायक संजीव चौरसिया को बिहार विधानसभा में मुख्य सचेतक (Chief Whip) बनाया गया है। वहीं बरौली से विधायक मनजीत सिंह को उप मुख्य सचेतक (Deputy Chief Whip) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नेताओं को राज्य मंत्री का दर्जा भी दिया जाएगा।
इसके अलावा कई विधायकों को सचेतक नियुक्त किया गया है। परिहार से विधायक गायत्री देवी, गोविंदगंज से विधायक राजू तिवारी, पिपरा से विधायक रामविलास कामत, हरलाखी से विधायक सुधांशु शेखर, मधुबन से विधायक राणा रंधीर, सुल्तानगंज से विधायक ललित नारायण मंडल, बनमनखी से विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, मसौढ़ी से विधायक अरुण मांझी और पटना साहिब से विधायक रत्नेश कुमार को सचेतक बनाया गया है।

यह नियुक्तियां विधानसभा में पार्टी अनुशासन बनाए रखने, विधायकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और सरकार की नीतियों एवं विधायी कार्यों के समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई हैं। मुख्य सचेतक का पद सदन में सत्तारूढ़ दल के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि वह विधायकों और सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने की अहम जिम्मेदारी निभाता है।।