उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति हेतु औपबंधिक मेधा सूची जारी, इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी

बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 'उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति नियमावली, 2023' के तहत वर्ष 2023 और 2024 के विज्ञापनों के लिए ट्रायल आधारित औपबंधिक मेधा सूची प्रकाशित कर दी है

उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति हेतु औपबंधिक मेधा सूची

Patna - बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 'उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति नियमावली, 2023' के तहत वर्ष 2023 और 2024 के विज्ञापनों के आलोक में औपबंधिक मेधा सूची (Provisional Merit List) प्रकाशित कर दी है । यह सूची तीरंदाजी, शतरंज, वॉलीबॉल और लॉन बॉल जैसे खेलों के लिए जारी की गई है । विभाग ने ट्रायल और दस्तावेज़ों की जांच के बाद योग्य पाए गए अभ्यर्थियों के साथ-साथ अयोग्य घोषित किए गए खिलाड़ियों की सूची भी सार्वजनिक की है ।

चयनित खिलाड़ियों की सूची और उनकी उपलब्धियां

विभागीय वेबसाइट पर जारी मेधा सूची में कई प्रतिभावान खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का मान बढ़ाया है:

  • अनुज कुमार सिंह (वॉलीबॉल): इन्होंने अर्जेंटीना में आयोजित 'FIVB Boys U-19 वर्ल्ड चैम्पियनशिप 2023' में भाग लिया था ।
  • गरिमा गौरव (शतरंज): धर्मशाला में आयोजित '21वीं नेशनल वूमेन्स शतरंज चैम्पियनशिप 2024' में इन्होंने चौथा स्थान प्राप्त किया था ।
  • निर्भय कुमार सिंह (तीरंदाजी): इन्होंने गोवा में आयोजित '37वें नेशनल गेम्स 2023' में सहभागिता की थी ।
  • चितरंजन कुमार (लॉन बॉल): इन्होंने गुजरात में आयोजित '36वें नेशनल गेम्स 2022' में हिस्सा लिया था ।


ट्रायल प्रक्रिया में कई अभ्यर्थी हुए बाहर

चयन प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोजित ट्रायल में कुछ अभ्यर्थियों को मानकों पर खरा न उतरने के कारण अयोग्य घोषित किया गया है । इनमें मुख्य रूप से जय प्रकाश (तीरंदाजी), ज्ञांती कुमारी (लॉन बॉल) और पलक सिन्हा (शतरंज) के नाम शामिल हैं । विभाग द्वारा जारी टिप्पणी के अनुसार, इन अभ्यर्थियों को 'ट्रायल प्रक्रिया में अयोग्य' पाया गया है ।

आपत्ति दर्ज करने के लिए 27 फरवरी तक का समय

यदि किसी अभ्यर्थी को प्रकाशित सूची के किसी विवरण या अपनी अयोग्यता पर कोई आपत्ति है, तो वे साक्ष्यों के साथ अपना दावा पेश कर सकते हैं । इसके लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की वेबसाइट पर एक ऑनलाइन लिंक (https://gad-ospr.bihar.gov.in/) उपलब्ध कराया गया है । आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि 27 फरवरी 2026, अपराह्न 05:00 बजे तक निर्धारित है । विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथों-हाथ या स्पीड पोस्ट से भेजे गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा ।

अंतिम चयन की प्रक्रिया

यह वर्तमान सूची पूरी तरह से अस्थायी (औपबंधिक) है । निर्धारित तिथि तक प्राप्त होने वाली आपत्तियों की गहन समीक्षा करने के बाद ही प्रशासन द्वारा अंतिम मेधा सूची जारी की जाएगी । इस नियुक्ति प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में सीधी जगह देकर उन्हें प्रोत्साहित करना है। इस पूरी प्रक्रिया पर अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेंन्दर और खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण पैनी नजर बनाए हुए हैं ।