Bihar News : बिहार में बेटियों के लिए स्टार्टअप और पीएचडी प्रोत्साहन महिला सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम : डॉ. संतोष कुमार सुमन

Bihar News : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने राज्य सरकार की उस पहल की जमकर सराहना की है.....पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में बेटियों के लिए स्टार्टअप और पीएचडी प्
राज्य सरकार की सराहना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने राज्य सरकार की उस पहल की जमकर सराहना की है, जिसके तहत बेटियों को स्टार्टअप और पीएचडी के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण को एक नई और सशक्त दिशा देने वाला कदम बताया है।

मंत्री डॉ. सुमन ने कहा कि आज के दौर में बिहार की बेटियां शिक्षा, शोध, उद्यमिता और तकनीक जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे में उन्हें आर्थिक सहयोग और संस्थागत प्रोत्साहन प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने की यह पहल बेहद सराहनीय है, जिससे प्रतिभाशाली छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने का खुला अवसर मिलेगा और आर्थिक तंगी उनकी प्रगति में कभी बाधा नहीं बनेगी।

उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि बेटियों को केवल पारंपरिक शिक्षा तक ही सीमित रखना अब पर्याप्त नहीं है, बल्कि समय की मांग है कि उन्हें रोजगार प्राप्त करने वाली उद्यमी और शोध के क्षेत्र में नेतृत्वकर्ता बनने के पूरे अवसर उपलब्ध कराए जाएं। स्टार्टअप के माध्यम से आज की बेटियां न केवल खुद स्वरोजगार पा रही हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही हैं।

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने आगे कहा कि पीएचडी और उच्च शोध के क्षेत्र में मिलने वाले प्रोत्साहन से बिहार की बेटियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित करने में सफल होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार की यह दूरदर्शी पहल आधी आबादी को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ राज्य की समग्र अर्थव्यवस्था को भी मजबूत आधार प्रदान करेगी।