Mokama Murder: अनंत सिंह के आरोप पर सूरजभान सिंह का करारा जवाब! दुलारचंद हत्या मामले में ऐसे हो जांच

Mokama Murder: दुलारचंद हत्या मामले के बाद अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया अनंत सिंह ने कहा कि इस घटना के पीछे सूरजभान सिंह का हाथ है। वहीं अब इस मामले में सूरजभान सिंह ने बड़ा बयान दिया है...

अनंत सिंह सूरजभान सिंह
सूरजभान सिंह का जवाब - फोटो : social media

Mokama Murder: मोकामा विधानसभा सीट दुलारचंद यादव की मौत और जनसुराज-जदयू समर्थकों के बीच हुई हिसंक झड़प के बाद दहल उठा है। दुलारचंद यादव के परिजनों ने मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है तो वहीं अनंत सिंह ने इस घटना को सूरजभान सिंह के द्वारा की गई साजिश करार दिया। अब इस मामले में सूरजभान सिंह की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। सूरजभान सिंह ने अनंत सिंह आरोपों को लेकर जवाब दिया। साथ ही उन्होंने इस घटना को लेकर बड़ी मांग भी की है। 

अनंत सिंह को जवाब 

सूरजभान सिंह ने जब सवाल किया गया कि अनंत सिंह आपके ऊपर इल्जाम लगा रहे हैं तो सूरजभान सिंह ने बिना कोई जवाब दिए कहा कि अरे...छोड़िए कौन मेरा नाम लिया...कौन क्या किया..? बता दें कि, दुलारचंद की मौत मामले के तुरंत बाद अनंत सिंह ने कहा था कि, यह सब सूरजभान का किया धरा है और उनका मकसद किसी तरह लड़ाई-झगड़ा करके वोट को प्रभावित करना है।    

लोकतंत्र का हुआ हनन

वहीं सूरजभान सिंह ने इस घटना को लेकर कहा कि, "लोकतंत्र का हनन हुआ है। पूरे देश ने इस घटना को देखा है। उन्होंने कहा कि ये एक क्षेत्र के लिए या बिहार के लिए नहीं पूरे देश के लिए हैरान करने वाला है। सूरजभान सिंह ने कहा कि इसमें सबसे बड़ी बदनामी इलेक्शन कमीशन का हो रहा है। पूरा देश दिख रहा है कि लोकतंत्र का हनन कैसे होता है। उन्होंने कहा कि मेरा इलेक्शन कमीशन से आग्रह है कि इस पर इन्क्वायरी बैठाया जाए, न्यायालय से आग्रह होगा कि रिटायर्ड जज की इन्क्वायरी बैठाई जाए। फिर सच्चाई अपने आप सामने आ जाएगा। पूरे देश का इलेक्शन कमीशन से विश्वास उठ रहा है, जल्द से जल्द इलेक्शन कमीशन को निर्णय लेना चाहिए"।

दुलारचंद की मौत के बाद बवाल

गौरतलब हो कि, बिहार का सबसे हॉट सीट मोकमा विधानसभा सीट मतदान के 7 दिन पहले ही दहल उठा है। बीते दिन मोकामा में जनसुराज और जदयू समर्थकों के बीच चुनावी झड़प हुई। दोनों पार्टियों के समर्थकों ने जमकर एक दूसरे पर पत्थर फेंके, गाड़ियां तोड़ी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची। पुलिस ने मौके से तीन क्षतिग्रस्त वाहनों को बरामद किया। इनमें से एक वाहन में मोकमा के जाने माने व्यक्ति और राजद के पुराने नेता दुलारचंद यादव का शव मिला। शव मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। दुलारचंद के परिजनों ने जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह पर दुलारचंद की हत्या का आरोप लगाया है।