Bihar politics: अगर बिहार में शराबबंदी है तो जहरीली शराब पहुंची कैसे? 4 मौतों के बाद तेजस्वी ने सरकार पर दागे तीखे सवाल

Bihar politics:शराबबंदी वाले बिहार में जहरीली शराब से कथित चार मौतों का मामला अब सियासी तूल पकड़ने लगा है।....

Tejashwi Demands Probe Into 4 Deaths in Patna Barh
शराबबंदी वाले बिहार में फिर मौत का जहर क्यों?- फोटो : reporter

Bihar politics:शराबबंदी वाले बिहार में  जहरीली शराब से कथित चार मौतों का मामला अब सियासी तूल पकड़ने लगा है। पटना के बाढ़ में हुई इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला और मामले की हाई लेवल इंक्वायरी कराने की मांग की।

तेजस्वी यादव ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने इससे कोई सबक नहीं लिया। उनके मुताबिक, कानून-व्यवस्था पूरी तरह खराब और बर्बाद हो चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी घटनाएं लगातार कैसे हो रही हैं, इसका जवाब प्रशासन को देना चाहिए।

तेजस्वी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं में लगातार गरीब लोगों की जान जा रही है और गरीबों को ही जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि बाढ़ में हुई मौतों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।वहीं राष्ट्रीय जनता दल की ओर से बुलाई गई बैठक को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई है। इसमें पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर फैसला लिया जाएगा।

राहुल गांधी के दलित-महादलित छात्रों से कथित तौर पर आज भी स्कूलों में पोछा लगवाए जाने वाले बयान पर भी तेजस्वी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बिल्कुल सही बात कही है। तेजस्वी ने मंदिरों में कथित छुआछूत के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग छुआछूत करते हैं, उनके लिए समाज में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।राहुल गांधी पर मामला दर्ज होने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि जो जनता के लिए लड़ता है, विपक्ष के हर नेता पर मामला दर्ज किया जाता है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज होने दीजिए, विपक्ष जनता के मुद्दे उठाता रहेगा।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह