Bihar News: धू-धूकर जली किराना दुकान! शॉर्ट सर्किट ने उजाड़ा कारोबार, 6 लाख का सामान राख

Bihar News: आधी रात शॉर्ट सर्किट से एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार को लगभग 6 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।...

Grocery store gutted by fire Short circuit ruins business
शॉर्ट सर्किट बना काल- फोटो : reporter

Bihar News:नवादा जिले के रजौली नगर पंचायत के वार्ड संख्या 01 अंतर्गत प्राणचक गांव में रविवार आधी रात शॉर्ट सर्किट से एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार को लगभग 6 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

पीड़ित दुकानदार प्राणचक गांव निवासी ईश्वरी प्रसाद हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से गांव में ही अपने घर से 500 मीटर दूर दो दुकानें संचालित करते हैं। इनमें से एक किराना की दुकान है और दूसरी किसान खाद भंडार है।ईश्वरी प्रसाद के अनुसार, रविवार शाम वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 2 बजे ग्रामीणों ने उन्हें दुकान से आग और धुआं निकलने की सूचना दी। जब तक वे मौके पर पहुंचे, किराना दुकान पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी।

सूचना मिलते ही रजौली अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। प्रधान अग्निक सुरेंद्र कुमार शर्मा और गुड्डु पासवान, अग्निक चालक टुन्ना कुमार गुप्ता व बिट्टू कुमार, अग्निक राकेश कुमार, शमशेर अंसारी, समीर राज एवं सुधांशु कुमार की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया।आग में किराना का सामान, काउंटर में रखी पॉश मशीन और रजिस्टर भी जलकर खाक हो गए। हालांकि, खाद की दुकान पूरी तरह सुरक्षित रही।

घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार सुबह प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने लाइसेंसधारी खाद दुकानदार को प्राथमिकी दर्ज कर उसकी एक प्रति जमा करने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए।सीओ मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि यदि दुकानदार ने बीमा कराया होगा तो उसे बीमा कंपनी से मुआवजा मिल सकता है, क्योंकि दुकान में आग लगने की स्थिति में आपदा प्रबंधन से किसी प्रकार का प्रावधान नहीं है। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में है और पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित दुकानदार का आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- अमन कुमार