Bihar Budget Session: तेजस्वी के विधायक कर रहे थे राष्ट्रपति शासन की मांग तभी पहुंचे सीएम नीतीश, हाथों में बिहार सरकार का पुतला लेकर विपक्ष का भारी बवाल

Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा के छठे दिन भी भारी बवाल देखने को मिल रहा है। सदन के बाहर विपक्षी विधायक हाथों में पोस्टर लेकर राष्ट्रपति शासन लागू कराने की मांग कर रहे है इसी बीच सीएम नीतीश विधानसभा पहुंच गए हैं...

बिहार विधानसभा
विधानसभा परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन - फोटो : reporter

Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के छठे दिन मंगलवार को विधानसभा परिसर में विपक्षी नेताओं का हंगामा जारी है। महिला सुरक्षा और बढ़ते अपराध के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेर रही है। विधानसभा में आज सियासी तापमान हाई है।  विपक्षी दलों के विधायकों ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के समर्थक विधायकों ने महिलाओं के खिलाफ हो रही घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बिहार की महिलाओं से माफी मांगने की मांग की।

सीएम नीतीश पहुंचे सदन 

विधानसभा परिसर में विपक्षी विधायक सीएम नीतीश के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे तभी सीएम नीतीश मौके पर पहुंच गए। विपक्षी विधायक सीएम नीतीश से इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं। वहीं विपक्षी नेता हाथों में बिहार सरकार के खिलाफ पोस्टर लेकर भारी बवाल कर रहे हैं। दरअसल, चनपटिया से कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन सदन में बिहार सरकार का पुतला लेकर पहुंच गए हैं। पुतले पर हाल के आपराधिक मामलों की सूची चस्पा की गई थी और उसे चूड़ियां भी पहनाई गई थीं।

पोस्टर लेकर भारी बवाल 

पोस्टर पर लिखा था, “माफी चाहते हैं, हम बिहार की बेटियों को न्याय नहीं दिला पा रहे हैं।” इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को लेकर सदन के बाहर भारी बवाल देखने को मिल रहा है। वहीं सोमवार को विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच हुई नोकझोंक पर जेडीयू नेता और पूर्व मंत्री श्याम रजक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह “देवर-भौजाई के बीच की बात” है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन उन पर त्वरित कार्रवाई भी की जा रही है।

पटना से रंजन की रिपोर्ट