एसी कमरे में बैठकर सिर्फ बड़े बड़े दावे करते हैं सीएम सम्राट, बलात्कार-फेक एनकाउंटर से कराह रहा बिहार, तेजस्वी यादव का बड़ा हमला

तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन गई है। सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल रही है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

Tejashwi Yadav
Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने बेगूसराय गैंगरेप कांड और भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। बेगूसराय सदर अस्पताल में गैंगरेप पीड़िता से मुलाकात के बाद उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री और प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि आज बिहार अपराध और अपराधियों के तांडव से कराह रहा है, जबकि मुख्यमंत्री वातानुकूलित कमरों में बैठकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेगूसराय में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और उसके बाद हुई कथित बर्बरता यह दर्शाती है कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो चुका है और प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।


उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन गई है। सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल रही है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने इसे फर्जी मुठभेड़ करार दिया। उन्होंने कहा कि भरत तिवारी गरीबों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उनका एनकाउंटर कर दिया। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास कर रही है।


राजद नेता ने कहा कि बिहार की मौजूदा स्थिति को लेकर पूरे देश में चिंता व्यक्त की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अपराध, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और कथित पुलिस ज्यादती की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के बजाय अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में व्यस्त है।


तेजस्वी यादव ने स्पष्ट किया कि विपक्ष इन मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने कहा, "विपक्ष ने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। हम न्याय के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।" उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट