तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर हमला: संवैधानिक संस्थाओं की बर्बादी और विपक्ष को निशाना बनाने का लगाया आरोप

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर वैधानिक संस्थाओं की बर्बादी और विपक्ष को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। वहीं ईडी के पीछे पड़ने पर कहा है कि ईडी का काम ही विपक्ष के नेताओं के पीछे रहना, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता...

तेजस्वी यादव का एनडीए सरकार पर हमला: संवैधानिक संस्थाओं की ब
एनडीए सरकार पर बरसे तेजस्वी- फोटो : रंजन कुमार

Patna : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) का काम ही विपक्षी नेताओं के पीछे रहना है और इससे उन्हें या उनकी पार्टी को कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। तेजस्वी यादव ने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने देश की तमाम संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है।


राजनीतिक एजेंडा और प्रोपेगेंडा पर काम करने का दावा

तेजस्वी यादव ने कहा कि यह सरकार केवल राजनीतिक एजेंडे और प्रोपेगेंडा पर ही काम कर रही है और उसके पास दूसरा कोई काम नहीं है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि जब से नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है, तब से ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग (इनकम टैक्स) केवल विपक्षी नेताओं के पीछे ही लगे हुए हैं।


जनादेश की चोरी छिपाने के लिए हर हथकंडा अपनाने का आरोप

बयान के दौरान तेजस्वी यादव ने जनादेश की चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी चोरी को बचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी क्या-क्या नहीं करते। उन्होंने ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बचाने के लिए भी हर तरह के कदम उठाए जा रहे हैं।


संवैधानिक संस्थाओं के कामकाज पर उठाए गंभीर सवाल

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि अब संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र रूप से अपना काम नहीं कर रही हैं। उनके मुताबिक, ये संस्थाएं वही करती हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कहते हैं, और वहीं से तय होकर आता है कि किसे निशाना बनाना है।


सार्वजनिक रूप से सब कुछ सामने आने की कही बात

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अब स्थिति को समझना मुश्किल नहीं है, क्योंकि संस्थाओं के इस्तेमाल से जुड़ी ये तमाम बातें सरेआम हो रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि विपक्ष इन हथकंडों से डरने या प्रभावित होने वाला नहीं है।


रंजन की रिपोर्ट