Bihar News : सीतामढ़ी में बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख के ठिकानों पर EOU की बड़ी छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति मामले में दबिश
Bihar News : सीतामढ़ी में बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख के ठिकानों पर EOU की बड़ी छापेमारी की गई है।
SITAMARHI : सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में पटना से आई EOU की विशेष टीम ने प्रखंड प्रमुख के तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय प्रशासन और भारी पुलिस बल की तैनाती भी की गई, ताकि जांच प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके।
प्रखंड प्रमुख अफजल आलम के ठिकानों के साथ-साथ उनके भाई के आवास पर भी EOU की टीम ने छापेमारी की। जांच टीम के सदस्य घरों और अन्य परिसरों में मौजूद दस्तावेजों, बैंक खातों, जमीन-जायदाद के कागजात, मकानों से जुड़े विवरण और निवेश से संबंधित फाइलों को खंगाल रहे हैं। अधिकारियों की ओर से चल और अचल संपत्तियों का आकलन करने की प्रक्रिया जारी है।
सुबह-सुबह हुई इस अचानक और बड़ी कार्रवाई से बाजपट्टी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और प्रशासनिक हलकों में इस छापेमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।
फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई की ओर से इस पूरे मामले और बरामद दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति के कुल आंकड़ों और आगे की कानूनी कार्रवाई के बारे में स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
अविनाश की रिपोर्ट