देवउठनी एकादशी 20 या 21 नवंबर को? जानिए कब रखें व्रत, क्या है पूजा-विधि और इसका धार्मिक महत्व

कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। इसी वजह से इस दिन को देवउठनी या देवोत्थान एकादशी कहा जाता है। इस बार देवउठनी एकादशी की तिथि 20 और 21 नवंबर को लेकर श्रद्धालुओं के बीच असमंजस है।

Dev Uthani Ekadashi
Dev Uthani Ekadashi - फोटो : news4nation

Dev Uthani Ekadashi : हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन हो जाता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त होता है। इस बार देवउठनी एकादशी की तिथि 20 और 21 नवंबर को लेकर श्रद्धालुओं के बीच असमंजस है। पंचांग के अनुसार, गृहस्थ और स्मार्त परंपरा के लोग 20 नवंबर, शुक्रवार को व्रत रखेंगे, जबकि वैष्णव परंपरा के अनुयायी 21 नवंबर, शनिवार को प्रबोधिनी एकादशी मनाएंगे।


देवउठनी एकादशी कब है? जानिए तिथि और समय

पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होगी और 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। तिथि के समय और परंपराओं के अंतर के कारण व्रत की तारीख अलग-अलग बताई जा रही है।


स्मार्त परंपरा के अनुसार गृहस्थ श्रद्धालु 20 नवंबर को व्रत रखेंगे। वहीं, वैष्णव संप्रदाय के अनुयायी 21 नवंबर को एकादशी का व्रत करेंगे। इसलिए श्रद्धालुओं को अपनी पारिवारिक और धार्मिक परंपरा के अनुसार व्रत का दिन तय करना चाहिए। पारण यानी व्रत खोलने का समय भी स्थानीय पंचांग और परंपरा के अनुसार देखना उचित होगा।


क्यों मनाई जाती है देवउठनी एकादशी?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस तिथि को देवशयनी एकादशी कहा जाता है। इसके बाद चार महीने तक चातुर्मास रहता है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। इसी वजह से इस दिन को देवउठनी या देवोत्थान एकादशी कहा जाता है।


मान्यता है कि भगवान विष्णु के जागने के साथ ही शुभ और मांगलिक कार्यों पर लगी रोक समाप्त हो जाती है। इसी दिन से विवाह, गृह प्रवेश और दूसरे मांगलिक आयोजनों के लिए शुभ मुहूर्त का सिलसिला शुरू माना जाता है।


कैसे करें भगवान विष्णु की पूजा?

देवउठनी एकादशी पर श्रद्धालु सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं और भगवान विष्णु के सामने व्रत का संकल्प लेते हैं। पूजा स्थल की सफाई कर भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित की जाती है। इसके बाद दीप जलाकर भगवान को फल, फूल, धूप, दीप और नैवेद्य अर्पित किया जाता है। पूजा में तुलसी दल का विशेष महत्व है।


इस दिन भगवान विष्णु को प्रतीकात्मक रूप से जगाने की परंपरा भी है। श्रद्धालु शंख, घंटी और भजन-कीर्तन के साथ भगवान को जगाते हैं। कई घरों में आंगन में रंगोली बनाई जाती है और गन्ने से मंडप सजाकर पूजा की जाती है। व्रत रखने वाले लोग अपनी परंपरा के अनुसार फलाहार करते हैं और एकादशी व्रत कथा का पाठ या श्रवण करते हैं।


तुलसी-शालिग्राम विवाह का विशेष महत्व

देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह की परंपरा भी बेहद लोकप्रिय है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम से कराया जाता है। शालिग्राम को भगवान विष्णु का स्वरूप माना जाता है। घरों और मंदिरों में तुलसी के पौधे को सजाकर विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है और परिवार में मंगल बना रहता है।