Bihar Politics: तेजस्वी यादव की 'बिहार अधिकार यात्रा' का शेड्यूल जारी, इस दिन यहां से करेंगे शुरुआत

Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार अधिकार यात्रा पर निकलने वाले हैं। राजद ने इस यात्रा का शेड्यूल जारी कर दिया है। तेजस्वी यादव इस यात्रा के दौरान इन जिलों में जनता से सीधा संवाद करेंगे।

तेजस्वी यादव
बिहार अधिकार यात्रा- फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है। पक्ष-विपक्ष अपने स्तर से चुनावी तैयारी में जुटे हुए हैं। इसी बीच महागठबंधन ने प्रदेश में वोटर अधिकार यात्रा किया। यह यात्रा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में की गई।  वहीं अब इस यात्रा के बाद तेजस्वी यादव बिहार अधिकार यात्रा पर जाएंगे। तेजस्वी की यात्रा का शेड्यूल जारी हो गया है। 

बिहार अधिकार यात्रा पर जाएंगे तेजस्वी 

जानकारी अनुसार तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा जहानाबाद से शुरु होगी और इसका समापन वैशाली में होगा। राजद ने सभी विधायकों और जिलाध्य़क्षों को यात्रा की तैयारी करने का निर्देश दिया है। राजद के कार्यकर्ता, जिलाध्यक्ष और तमाम वरिष्ठ नेता तेजस्वी की यात्रा को सफल बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। बता दें कि तेजस्वी यादव की यात्रा 16 सितंबर से शुरु होगी जो 20 सितंबर तक चलेगी। 

इन जिलों से गुजरेगी यात्रा 

तेजस्वी की बिहार अधिकार यात्रा जहानाबाद से निकलकर नालंदा, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, समस्तीपुर, उजियारपुर और वैशाली जिलों से गुजरेगी। पांच दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 20 सितंबर को लोकतंत्र की धरती वैशाली में संपन्न होगी।

राजद ने जारी किया आदेश 

राजद की ओर से जारी पत्र में सभी जिला अध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व प्रत्याशियों और संगठन के पदाधिकारियों से अपील की गई है कि वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचकर इस यात्रा को सफल बनाएं।

जनता से सीधा संवाद करेंगे तेजस्वी 

जानकारी के मुताबिक, यात्रा के दौरान जिन विधानसभा क्षेत्रों से काफिला गुजरेगा, वहां तेजस्वी यादव जनता से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। राजद का दावा है कि यह यात्रा जनता के अधिकारों की आवाज बुलंद करने और प्रदेश की जमीनी हकीकत को उजागर करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

पटना से रंजन की रिपोर्ट