तेजस्वी ने बिहार में कानून-व्यवस्था को बताया पूरी तरह फेल, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि बिहार में कानून नाम का चीज नहीं रह गया है. बिहार में न तो बच्चे सुरक्षित हैं, न महिलाएं, न व्यापारी और न ही बुजुर्ग. .......
Patna : बिहार विधान सभा मे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य और केन्द्र सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा है कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो गई है. वहीं महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है. जनता बेहाल है.
तेजस्वी यादव का तीखा हमला, कहा— "बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है"
मीडिया से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बिहार में न तो बच्चे सुरक्षित हैं, न महिलाएं, न व्यापारी और न ही बुजुर्ग. राज्य में अपराध और अपराधियों का बोलबाला है तथा हर तरफ अराजकता का माहौल बना हुआ है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस सरकार का मुखिया ऐसा हो जिसका कोई विजन या रोडमैप न हो, उस राज्य की स्थिति ऐसी ही होनी तय है.
बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि बिहार में बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई चरम पर है. आम जनता का जीना मुहाल हो चुका है, लेकिन सरकार के पास इन बुनियादी मुद्दों पर ध्यान देने का समय नहीं है. राज्य सरकार का खजाना खाली हो चुका है और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार फैला हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल दिखावे के काम कर रही है और ट्रांसफर-पोस्टिंग का धंधा जोरों पर चल रहा है.
सीएम सम्राट चौधरी पर साधा निशाना, बोले— "उन्हें जमीनी हकीकत का कोई ज्ञान नहीं है"
सीएम सम्राट चौधरी पर तीखा पलटवार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें जमीनी हकीकत का कोई ज्ञान नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के नुमाइंदों और नेताओं को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है, और वे केवल बयानबाजी करने में व्यस्त रहते हैं. जनता त्रस्त हो चुकी है और आने वाले समय में लोग इसका करारा जवाब देंगे.
विधानसभा में पीड़ितों की माँगों को मजबूती से उठाने का आश्वासन
वहीं राघोपुर नाव दुर्घटना के पीड़ित परिवारों की लालू यादव से मुलाकात पर तेजस्वी यादव ने कहा कि लालू प्रसाद की तबियत ठीक नहीं है लेकिन वे राघोपुर के पीड़ित परिवारो से मिलना चाहते थे। आज गुरुवार को कई पीड़ित परिवार लालू जी से मुलाकात किये है।
तेजस्वी ने अंत में दोहराया कि राघोपुर नाव हादसे के पीड़ित परिवारों की सभी जायज मांगों को आगामी विधानसभा सत्र में सरकार के समक्ष पूरी ताकत से उठाया जाएगा. पार्टी हर स्तर पर पीड़ितों को न्याय दिलाने और उनके उचित पुनर्वास के लिए संघर्ष करती रहेगी, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो.
रंजन की रिपोर्ट