Bihar Politics: सीएम नीतीश के लिए सहानुभूति, तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर साधा निशाना, अनाप-शनाप बोलते हैं...

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में भारी बवाल के बाद कार्यवाही स्थगित हो गई। जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रेस वार्ता कर सीएम नीतीश और सत्ता पक्ष पर जोरदार हमला बोला।

Tejashwi Yadav
Tejashwi Yadav targeted cm nitish- फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को सदन में जमकर हंगामा हुआ। कार्यवाही के दौरान विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। जिसके बाद कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा। कार्यवाही के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डिप्टी सीएम और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला।

तेजस्वी का हमला 

तेजस्वी यादव ने कहा कि वे एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) की टाइमिंग को लेकर अपनी बात रख रहे थे जब सत्ता पक्ष के वरिष्ठ नेता यहां तक कि डिप्टी सीएम ने भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम ने उनके संबोधन के दौरान कहा कि यही बोलेगा खाली, कितना बोलेगा?" तेजस्वी ने इसे बेहद अमर्यादित और सदन की गरिमा के खिलाफ बताया।

सत्ता पक्ष जानबुझ कर सदन की गरिमा गिरा रहे

उन्होंने कहा कि, अगर विपक्ष का नेता सदन में नहीं बोलेगा तो कौन बोलेगा? सत्ता पक्ष के कुछ नेता जानबूझकर हंगामा खड़ा कर सदन की गरिमा गिरा रहे हैं। अध्यक्ष महोदय ने डिप्टी सीएम और एक मंत्री को फटकार भी लगाई है जो दर्शाता है कि स्थिति कितनी गंभीर थी। तेजस्वी यादव ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि, चुनाव आयोग ने जो हलफनामा सुप्रीम कोर्ट में दिया है उसमें कहीं भी विदेशी नागरिकों का उल्लेख नहीं है। बावजूद इसके सत्तापक्ष के नेता यह दावा कर रहे हैं कि फर्जी वोटर नेपाल और बांग्लादेश के हैं। यह गलत जानकारी फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश है।

सीएम नीतीश पर साधा निशाना 

राजद नेता ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर फर्जी वोटर की बात सही है तो 2005 से अब तक की सरकार और केंद्र में 11 वर्षों से भाजपा की सत्ता में रहने के बावजूद यह मुद्दा क्यों नहीं सुलझाया गया। उन्होंने कहा कि जब हमारे पास सबूत होते हैं, तब सत्ता पक्ष बहस से भागता है और हंगामा करता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि जब मैं विधानसभा में बोल रहा था, तब मुख्यमंत्री बीच में उठकर बोलने लगे। शायद उन्हें यह तक नहीं पता था कि चर्चा किस विषय पर हो रही है। हमें उनकी स्थिति पर सहानुभूति होती है। उनकी क्या स्थिति हो गई है। सदन में सब लोगों को पता है कि चर्चा किस पर हो रही है लेकिन सीएम को पता नहीं वो जो बोलते हैं बोलते रहे। अब सरकार दिल्ली से रिमोट कंट्रोल से चलाई जा रही है।

बिहार में बदली स्थिति 

तेजस्वी ने कहा कि बिहार में स्थिति अब उलट गई है। पहले वोटर सरकार चुनते थे लेकिन अब सरकार वोटर चुन रही है। विधानसभा सत्र के दौरान हुए इस घटनाक्रम ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है। विपक्ष जहां सत्तापक्ष पर आरोपों की बौछार कर रहा है, वहीं सत्ता पक्ष की ओर से अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

पटना से रंजन की रिपोर्ट