तेजस्वी यादव की राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को चिट्ठी, 19 वर्षीय युवक की मौत पर सम्राट सरकार को घेरा

तेजस्वी यादव द्वारा NHRC के अध्यक्ष को लिखे पत्र के मुताबिक, रौशन यादव 27 मई 2026 से न्यायिक हिरासत में था और 10 अगस्त को मंडल कारागार, रामपट्टी में मृत पाया गया। जेल प्रशासन की ओर से मौत की वजह फांसी बताई गई है

Tejashwi Yadav letter to  NHRC
Tejashwi Yadav letter to NHRC- फोटो : news4nation

Bihar News : मधुबनी के रामपट्टी स्थित मंडल कारागार में 19 वर्षीय रौशन यादव की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से हस्तक्षेप की मांग करते हुए पत्र लिखा है। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।


तेजस्वी यादव द्वारा NHRC के अध्यक्ष को लिखे पत्र के मुताबिक, रौशन यादव 27 मई 2026 से न्यायिक हिरासत में था और 10 अगस्त को मंडल कारागार, रामपट्टी में मृत पाया गया। जेल प्रशासन की ओर से मौत की वजह फांसी बताई गई है, जबकि परिवार ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान होने का आरोप लगाया है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी की कोई लिखित सूचना परिजनों को नहीं दी गई थी।


तेजस्वी यादव ने NHRC से मामले का संज्ञान लेने और बिहार के पुलिस महानिदेशक तथा कारा महानिदेशक से रिपोर्ट तलब करने की मांग की है। उन्होंने हिरासत में हुई मौत से संबंधित आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन की भी जांच कराने को कहा है। इसके अलावा गिरफ्तारी से लेकर मौत तक की CCTV फुटेज, अनिवार्य स्वास्थ्य जांच, परिवार को सूचना देने की प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की जांच कराने की मांग की गई है।


पत्र में तेजस्वी यादव ने पोस्टमार्टम, इनक्वेस्ट और मजिस्ट्रेट जांच की रिपोर्ट आयोग के समक्ष तय समयसीमा में प्रस्तुत कराने तथा पीड़ित परिवार को उचित राहत और मामले की प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने की भी मांग की है।


तेजस्वी यादव ने कहा कि इस मामले को वे हर मंच पर उठाकर न्याय सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में शासन व्यवस्था कमजोर होने के कारण अफसरशाही बेलगाम और भ्रष्ट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों की जान की कीमत पर किसी भी स्थिति में व्यवस्था को चलने नहीं दिया जाएगा।

 रंजन की रिपोर्ट